नीट पेपर लीक मामला दुर्भाग्यपूर्ण, भविष्य में रोकथाम के लिए मजबूत सिस्टम जरूरी : शिक्षा मंत्री
नीट के पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस पूरे प्रकरण पर हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का भी बयान सामने आया है।
यंगवार्ता न्यूज शिमला 9 जून, 2026 :
नीट के पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस पूरे प्रकरण पर हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का भी बयान सामने आया है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नीट पेपर लीक की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व कार्यकाल में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं। ऐसे में आवश्यक है कि एक मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे परीक्षा प्रणाली में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
वहीं, हिमाचल में सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस विषय पर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भी विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य चयन आयोग के माध्यम से चयनित शिक्षकों की नियुक्तियां अगले एक-दो दिनों में कर दी जाएंगी।
इसके अलावा करीब 9 हजार शिक्षकों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्हें विद्यालयों में तैनाती देने के लिए उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। समिति की बैठक जल्द आयोजित की जाएगी ताकि शिक्षकों की पोस्टिंग से जुड़े मुद्दों का समाधान कर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
What's Your Reaction?




