सतकुम्भा के घने जंगलों में विराजमान है प्राचीन पंचमुखी शिवलिंग, महर्षि मार्कण्डेय की तपोभूमि में उमड़ते हैं श्रद्धालु
सतकुम्भा शिवालिक पर्वतमाला के घने और सुनसान जंगलों के बीच स्थित प्राचीन सतकुम्भा तीर्थ धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। मान्यता है कि इसी स्थान पर महर्षि मार्कण्डेय ने तपस्या की थी और पंचमुखी शिवलिंग की स्थापना की थी। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस तीर्थ में आज भी श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचकर स्नान, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।
यंगवार्ता न्यूज - कालाअंब 10 अगस्त :
सतकुम्भा शिवालिक पर्वतमाला के घने और सुनसान जंगलों के बीच स्थित प्राचीन सतकुम्भा तीर्थ धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। मान्यता है कि इसी स्थान पर महर्षि मार्कण्डेय ने तपस्या की थी और पंचमुखी शिवलिंग की स्थापना की थी। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस तीर्थ में आज भी श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचकर स्नान, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।
तीर्थ स्थल पर पंचमुखी शिवलिंग के समीप सात जलधाराओं को समेटे एक प्राचीन बावड़ी स्थित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महर्षि मार्कण्डेय प्रतिदिन इसी बावड़ी से जल लेकर पंचमुखी शिवलिंग का अभिषेक करते थे। यहां स्थित महर्षि मार्कण्डेय का प्राचीन धूना भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जिसके बारे में मान्यता है कि यह तब से निरंतर चेतन है।
सतकुम्भा की बावड़ी के जल को श्रद्धालु दिव्य और चमत्कारी मानते हैं। विशेष पर्वों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर बावड़ी में स्नान करते हैं और पंचमुखी शिवलिंग पर जल चढ़ाते हैं। माघ और श्रावण मास के सोमवार, महाशिवरात्रि, मकर संक्रांति, सोमवती अमावस्या तथा बैसाखी के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। कई अवसरों पर श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है।
विशेष पर्वों पर यहां श्रद्धालुओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया जाता है। तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं के ठहरने तथा भंडारा तैयार करने के लिए पर्याप्त स्थान और बर्तन उपलब्ध हैं।
तीर्थ स्थल के समीप एक प्राकृतिक जल प्रवाह भी मौजूद है, जिसमें वर्षभर पानी रहता है। स्थानीय साधु-संत और महात्मा इसे ‘आदि मार्कण्डेय’ से जोड़कर देखते हैं। मान्यता है कि महर्षि मार्कण्डेय ने अमरता की प्राप्ति के लिए जहां-जहां तपस्या की, वहां जल प्रवाह उत्पन्न हुआ। यही कारण है कि सतकुम्भा का यह स्थान धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
घने जंगलों और एकांत में स्थित होने के कारण माना जाता है कि महर्षि मार्कण्डेय ने अखंड तपस्या और एकाग्रता के लिए इस स्थान का चयन किया होगा। वर्तमान में भी यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं को प्राकृतिक शांति के साथ आध्यात्मिक अनुभूति होती है।
सतकुम्भा तीर्थ तक पहुंचने के लिए वर्तमान में नागल सुकेती से पैदल रास्ता उपलब्ध है। वहीं काला अंब से झंडा स्थित महाकालेश्वर मंदिर तक पक्का मार्ग है। महाकालेश्वर मंदिर से सतकुम्भा तक कच्चा जीप मार्ग बनाया गया है। हालांकि बरसात के मौसम में यह मार्ग बंद हो जाता है और श्रद्धालुओं को मंदिर से आगे पैदल सफर करना पड़ता है।
काला अंब से यह तीर्थ करीब सात किलोमीटर की दूरी पर है। महाकालेश्वर मंदिर से आगे बड़े टायरों वाली टाटा सूमो, बोलेरो, जिम्नी, थार, गुरखा और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियां ही अपेक्षाकृत उपयुक्त मानी जाती हैं। श्रावण मास और बरसात के दौरान यहां पहुंचना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
सतकुम्भा तीर्थ अपनी प्राचीन धार्मिक मान्यताओं, पंचमुखी शिवलिंग, सात जलधाराओं वाली बावड़ी, प्राचीन धूने और प्राकृतिक जल प्रवाह के कारण धार्मिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की क्षमता रखता है। हरियाणा सरकार द्वारा यहां बिजली की सुविधा पहुंचाई जा चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिली है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का मानना है कि यदि यहां तक सड़क सुविधा को बेहतर बनाया जाए और मूल प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखते हुए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं तो सतकुम्भा क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।
मान्यता है कि महर्षि मार्कण्डेय और भगवान भोलेनाथ की कृपा से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही आस्था हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को इस एकांत और प्राचीन तीर्थ तक खींच लाती है।
What's Your Reaction?


