बैसाखी के पावन अवसर पर बनेठी में आयोजित पारंपरिक मेले में विधायक अजय सोलंकी ने की शिरकत
बैसाखी के पावन अवसर पर नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनेठी में आयोजित पारंपरिक मेले में विधायक अजय सोलंकी द्वारा शिरकत की
यंगवार्ता न्यूज़ - बनेठी 14-04-2026
बैसाखी के पावन अवसर पर नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनेठी में आयोजित पारंपरिक मेले में विधायक अजय सोलंकी द्वारा शिरकत की गई। इस दौरान विधायक ने शिरगुल महाराज के दरबार में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि बनेठी मेला क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है, जिसे और अधिक भव्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मेले को बड़े स्तर पर आयोजित करवाने हेतु सरकार के समक्ष मांग रखी जाएगी।
मेला ग्राउंड के विकास के लिए पूर्व में स्वीकृत 8 लाख रुपये की राशि को शीघ्र खर्च कर कार्य पूर्ण किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बजट भी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क से संबंधित एफआरए (FRA) कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं, जिनमें ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य श्रेय लेना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसे जनता के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आज भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर नाहन में विभिन्न स्थानों पर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा कांग्रेस भवन में उनके विचारों को स्मरण करते हुए नमन किया गया।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि बाबा साहेब के आदर्श समाज को समानता, न्याय और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
अंत में विधायक अजय सोलंकी ने शिरगुल महाराज से प्रार्थना की कि उन्हें जनसेवा के इस मार्ग पर निरंतर कार्य करने की शक्ति प्रदान करें, ताकि वे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सदैव समर्पित रह सकें।
इस अवसर पर गुरुदयाल पंवार, नरेंद्र तोमर, हरीश कल्याण, श्याम लाल सोढ़ा, सत्य राम, प्रोफेसर बलबीर, विनीत पुंडीर, मणि राम पुंडीर, राजेश कश्यप, बलबीर सिंह, लवली, मनदीप, कैप्टन सलीम, विजय ठाकुर, संजय चौहान, जीत सिंह, राजकुमार पोसवाल, रघुबीर सिंह, सर्ग्यान पुंडीर, ओमप्रकाश देवा जी, पुरुषोत्तम, सुभाष, अरुण शर्मा, नरेश ठाकुर, गुरुदत्त, रामस्वरूप, ऋषि, संजीव, शेरजंग, संजय, राकेश ठाकुर सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी तथा समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?




