यंगवार्ता न्यूज चम्बा 15 जून, 2026 :
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की व्यवस्थाओं से संबंधित कार्य प्रगति वारे जिला मुख्यालय चंबा के बचत भवन में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। बैठक में मेले के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मिंजर मेले के दौरान होने वाले व्यय व आय, निमंत्रण कार्ड /स्मारिका, परिवहन, यातायात व पार्किंग प्रबंधन, खेलकूद प्रतियोगिताओं, चौगान रखरखाव, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति के अतिरिक्त साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था के सहित कला केन्द्र व मंजरी गार्डन में आवश्यक मुरम्मत के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला चंबा का सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मिंजर मेला देश विदेश में जिला चंबा की पहचान व शान का प्रतीक है। इसके अतिरिक्त मिंजर मेला जिला चंबा की प्राचीन समृद्ध संस्कृति तथा समाज के विभिन्न वर्गों के आपसी मेल मिलाप व आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेले के मूल स्वरूप व सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना हम सब का दायित्व है उन्होंने आशा व्यक्त की कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रशासन व जन सहयोग से मेले का आयोजन पूर्णतया सुखद एवं शांतिपूर्ण संपन्न होगा। उन्होंने जिला के सभी प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिंजर मेला 2026 की तैयारीयों से संबंधित अपने-अपने दायित्वों को ईमानदारी व गंभीरता के साथ निभाते हुए यह सुनिश्चित करें की मेले के दौरान व्यवस्था प्रबंधन में कोई भी कमी न रहे। उन्होंने कहा कि मिंजर मेले में स्थानीय संस्कृति की झलक को पेश करने तथा हिमाचली कलाकारों को ज्यादा से ज्यादा मंच प्रदान करने का अवसर प्रदान किया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने जिला वासियों को मिंजर मेले की अग्रिम बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी।
विधायक नीरज नैय्यर ने इस दौरान सरस मेले का आयोजन करने तथा बालू (भगोत) के समीप अस्थाई वाहन पार्किंग सुविधा की संभावनाएं तलाशने में को कहा।
बैठक में विभिन्न समिति सदस्यों द्वारा मेले के सफल आयोजन से संबंधित अपना-अपना दृष्टिकोण साझा किया।
बैठक में उपायुक्त अमित मैहरा ने मिंजर मेला 2026 से संबंधित कार्य सूची के अंतर्गत विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला श्रावण मास के दूसरे रविवार से अगले रविवार तक मनाया जाता है। इस वर्ष यह परंपरानुसार 26 जुलाई 2026 से 2 अगस्त, 2026 तक चौगान नंबर 1 में मनाया जाएगा। मेले के दौरान कला केंद्र चौगान में 8 सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाता है, जिसमें से अंतिम सांस्कृतिक संध्या को मध्य रात्रि 12:00 बजे समाप्त करने की अनुमति पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, शिमला द्वारा दी गई है तथा शेष सात सांस्कृतिक संध्याओं के कार्यक्रमों को रात्रि 10:00 बजे तक समाप्त कर कर दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त ने मिंजर मेले से संबंधित विभिन्न उप समितियों की कार्यप्रगति बारे विधानसभा अध्यक्ष को सिलसिलेवार अवगत करवाया।
इस पूर्व उपायुक्त अमित मेहरा ने विधानसभा अध्यक्ष का बैठक में उपस्थित होने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष का जिला प्रशासन व विभिन्न उप समीतियों के संयोजकों व सदस्यों को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन, अधिकारियों व कर्मचारियों तथा जन सहयोग से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मिंजर मेला 2026 के आयोजन को बेहतर बनाने का भरसक प्रयास करेगा।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैयर, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर, हि॰ प्र० हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशवंत खन्ना, कार्यकारी उपायुक्त अमित मैहरा, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ,एसडीम प्रियांशु रबाती, एसी टू डीसी मनमोहन सिंह, मैडीकल कालेज चंम्वा के प्रधानाचार्य डा० पंकज गुप्ता, वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल राकेश सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर , जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम सिंह भारद्वाज, व्यापार मंडल चम्बा के अध्यक्ष वीरेन्द्र महाजन, के अतिरिक्त मिंजर मेला 2026 से संबंधित विभिन्न समितियों के संयोजक व सदस्यों सहित जिला के विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।