अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 54.26 लाख रुपये के मादक पदार्थ किए नष्ट

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को "एंटी-चिट्टा दिवस" मनाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए "चिट्टा-मुक्त हिमाचल" अभियान के तहत प्रदेशभर में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

Jun 26, 2026 - 18:18
 0  2
अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 54.26 लाख रुपये के मादक पदार्थ किए नष्ट

यंगवार्ता न्यूज नाहन, 26 जून, 2026 : 

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को "एंटी-चिट्टा दिवस" मनाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए "चिट्टा-मुक्त हिमाचल" अभियान के तहत प्रदेशभर में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सिरमौर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त किए गए लाखों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को सरकारी इंसिनरेटर में नष्ट कर दिया।

मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) के वर्चुअल मार्गदर्शन में प्रदेशभर में एक साथ यह कार्रवाई की गई। सिरमौर जिले में पुलिस ने 11.508 किलोग्राम चरस, 71.020 किलोग्राम चूरा पोस्त तथा 3,704 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल पूरी तरह नष्ट किए। इन मादक पदार्थों का अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 54 लाख 26 हजार 600 रुपये बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करों और ड्रग माफिया को स्पष्ट संदेश देना है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार के प्रति सरकार की "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को इस अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर सिरमौर जिले की 20 अत्यधिक प्रभावित पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में नशे के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को "एंटी-चिट्टा ई-शपथ" दिलाई गई। इस दौरान सभी ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
सिरमौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण अथवा सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत 112 या अपने निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व, जनसहयोग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से "चिट्टा-मुक्त हिमाचल" के लक्ष्य को साकार करने के लिए अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow