सीएम की संवेदनशीलता ने पेश की मिसाल माता-पिता से मिलवाया मालरोड पर बिछड़ा मासूम बच्चा

पर्यटन सीजन के बीच शिमला की मॉल रोड पर शुक्रवार रात एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपनी संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए एक रोते हुए मासूम बच्चे को उसके माता-पिता से मिलवाया

Jun 7, 2025 - 13:17
 0  109
सीएम की संवेदनशीलता ने पेश की मिसाल माता-पिता से मिलवाया मालरोड पर बिछड़ा मासूम बच्चा
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     07-06-2025

पर्यटन सीजन के बीच शिमला की मॉल रोड पर शुक्रवार रात एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपनी संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए एक रोते हुए मासूम बच्चे को उसके माता-पिता से मिलवाया। यह घटना रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच की है, जब मुख्यमंत्री अपने रोजाना के अनुसार मॉल रोड पर टहल रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री की नजर एक छोटे बच्चे पर पड़ी, जो सड़क किनारे खड़ा होकर रो रहा था। बच्चा घबराया हुआ था और आसपास भीड़ भी जमा होने लगी थी। मुख्यमंत्री तुरंत बच्चे के पास पहुंचे और उससे स्नेहपूर्वक बात की। बातचीत में सामने आया कि वह बच्चा अपने माता-पिता से बिछड़ गया है। मुख्यमंत्री ने बिना किसी देरी के उसे सांत्वना दी और उसे भरोसा दिलाया कि वह उसे जल्द ही उसके माता-पिता से मिलवाएंगे।

करीब छह से सात साल का यह बच्चा राजस्थान से शिमला घूमने आए एक पर्यटक परिवार से संबंधित था। भीड़भाड़ के बीच मॉल रोड पर चलते समय वह अपने माता-पिता से अलग हो गया था। डर और घबराहट में वह रोने लगा। मुख्यमंत्री ने मौके पर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बच्चे को प्यार से सहारा दिया और अपने स्टाफ से पानी और चॉकलेट मंगवाई ताकि बच्चा थोड़ा सहज हो सके। 

जब बच्चा कुछ शांत हुआ तो मुख्यमंत्री ने उससे माता-पिता का नाम और मोबाइल नंबर पूछा। सौभाग्य से बच्चे को अपनी मां का मोबाइल नंबर याद था। मुख्यमंत्री ने तुरंत उस नंबर पर कॉल किया और बच्चे की बात उसकी मां से करवाई। बेटे की आवाज सुनकर मां भावुक हो गईं और तुरंत अपने पति के साथ मॉल रोड पहुंचीं।

मुख्यमंत्री के स्टाफ ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की और जब यह पुष्टि हो गई कि यही बच्चे के माता-पिता हैं, तो उन्हें बच्चा सौंप दिया गया। माता-पिता ने मुख्यमंत्री को भावुक होकर धन्यवाद दिया और कहा कि यह पल वे जीवन भर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि प्रदेश का मुख्यमंत्री इस तरह उनके बच्चे की मदद करेगा। यह उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय क्षण था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow