यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 27-04-2025
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार का अढाई वर्ष का कार्यकाल डिजास्टर साबित हुआ है। आलम यह है कि हिमाचल प्रदेश में जहां चिट्टा माफिया और खनन माफिया बेलगाम हो रहा है , वही हिमाचल प्रदेश में कर्ज एक लाख करोड़ से ऊपर हो गया है। यह बात जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहीं। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार अब होमगार्ड जवानों और सिविल सप्लाई के कर्मचारियों से शराब बिकवाने का काम करवा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा की कांग्रेस का अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में केवल मात्र सरकार ने कर्ज लिया है। यदि विकास की बात करते हैं तो विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं। हाल ही में जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में भी आतंकियों को नेस्तनाबूद करने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लिए जा रहे हैं वह सराहनीय कदम है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में सरकार पाकिस्तान को लेकर कुछ बड़ा करने वाली है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश भर में डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़ी बातों को जनता तक पहुंचा जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि 1952 और 1954 में हुए चुनाव में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने डॉक्टर अंबेडकर को हराने के लिए दिन-रात प्रचार किया। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने हमेशा ही संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की अनदेखी की। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न तक नहीं दिया।
डॉ भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न वर्ष 1990 में भाजपा गठबंधन सरकार द्वारा दिया गया है। साथ ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा बाबा साहब अंबेडकर का स्मारक बनाया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने हिमाचल सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में चिट्टा माफिया बेलगाम हो गया है। आलम यह है कि नशा माफिया अब प्रदेश के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इंजीनियर विमल नेगी की मौत एक रहस्य बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विमल नेगी की हत्या हुई है या आत्महत्या इसको लेकर भी अब स्थिति स्पष्ट नहीं है , क्योंकि कांग्रेस सरकार विमल नेगी कि सीबीआई जांच तक नहीं करवा पा रही है। उन्होंने कहा कि विमल नेगी की मौत के पीछे भ्रष्टाचार का एक बड़ा हाथ है , जिसके चलते उनकी मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह तप पड़े हुए हैं और प्रदेश सरकार ने अढाई वर्षो में इतना कर्ज ले लिया है जितना भारतीय जनता पार्टी ने 5 वर्षों में भी नहीं लिया था। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार का कार्यकाल इतिहास में विकास नहीं बल्कि चल रहे विकास कार्य और संस्थानों को बंद करने के नाम से जाना जाएगा। जयराम ठाकुर रविवार को जिला मुख्यालय नाहन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित डॉ भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे थे। इस बीच वह मीडिया से भी रूबरू हुए। इस अवसर पर उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल और जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग भी उपस्थित रहे।