यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 20-03-2026
हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलने के बाद बारिश बर्फबारी का दौर जारी है. प्रदेश में बीते 36 घंटों से कई हिस्सों में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर चल रहा है. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के मध्य और निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ जिला कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी भी रिपोर्ट की गई है। मौसम विज्ञान का केंद्र शिमला का अनुमान है कि आज पूरे दिन प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।
हालांकि कल से प्रदेश में मौसम का खुलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के मुताबिक 19 की रात से हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान मनाली में सबसे अधिक 57 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद पालमपुर में करीब 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला भी जारी है। बर्फबारी की बात करें तो हांसा में सबसे अधिक 25 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।
इसके अलावा गोंदला में 21 सेंटीमीटर और कल्पा में 17 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं आज प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने और गर्जना की भी संभावना है। इसी को देखते हुए आज के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के सामान्य तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान पांवटा साहिब में रिकॉर्ड किया गया है।