अपनी ही बस से अंतिम सफर पर निकले सुरेंद्र ठाकुर, नम आंखों से एचआरटीसी परिवार ने दी विदाई
कभी जिस बस में बैठकर यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का दायित्व निभाया, आज उसी बस ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के समर्पित परिचालक सुरेंद्र ठाकुर को उनकी अंतिम यात्रा पर विदा किया। यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
यंगवार्ता न्यूज - राजगढ़ 30 जुलाई, 2026 :
कभी जिस बस में बैठकर यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का दायित्व निभाया, आज उसी बस ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के समर्पित परिचालक सुरेंद्र ठाकुर को उनकी अंतिम यात्रा पर विदा किया। यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
HRTC के सब डिपो राजगढ़ में परिचालक के रूप में सेवाएं दे रहे सुरेंद्र ठाकुर का गुरुवार सुबह हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बीते दिन ही वह छुट्टी से लौटे थे और उनकी नाइट ड्यूटी लगाई गई थी।
रात को ड्यूटी के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चले गए। सुबह जब चालक उन्हें जगाने पहुंचा तो वह अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद जब उनका पार्थिव शरीर निगम की बस में लाया गया तो उस बस को दुल्हन की तरह सजाया गया था। राजगढ़ बस अड्डे पर चालक, परिचालक, निगम के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
What's Your Reaction?

