ददाहू की करिश्मा कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम, NSPG मेरिट सूची में चयन
पीएम श्री डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ददाहू के लिए यह गौरव का क्षण है। विद्यालय के एसएमसी प्रधान जगपाल कंवल की सुपुत्री एवं विद्यालय की पूर्व मेधावी छात्रा करिश्मा कुमारी का चयन शिक्षा मंत्रालय एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज (NSPG) की अखिल भारतीय मेरिट सूची में हुआ है।
यंगवार्ता न्यूज - ददाहू (श्री रेणुकाजी) 4 अक्टूबर :
पीएम श्री डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ददाहू के लिए यह गौरव का क्षण है। विद्यालय के एसएमसी प्रधान जगपाल कंवल की सुपुत्री एवं विद्यालय की पूर्व मेधावी छात्रा करिश्मा कुमारी का चयन शिक्षा मंत्रालय एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज (NSPG) की अखिल भारतीय मेरिट सूची में हुआ है।
करिश्मा ने कला वर्ग के देशभर के शीर्ष 5,000 मेधावी विद्यार्थियों में स्थान हासिल कर अपने माता-पिता और विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि राजनीति विज्ञान विषय में हिमाचल प्रदेश के कोटे से चयनित होने वाली करिश्मा प्रदेश की एकमात्र छात्रा रही हैं।
UGC के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश से विभिन्न विषयों में कुल 28 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इनमें अंग्रेजी के 6, हिंदी के 6, इतिहास के 5 और अर्थशास्त्र के 4 विद्यार्थियों सहित अन्य विषयों के विद्यार्थी शामिल हैं। राजनीति विज्ञान में प्रदेश की इकलौती सीट करिश्मा के नाम रही।
इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के तहत करिश्मा को 15 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। छात्रवृत्ति ने उनकी उच्च शिक्षा और आगे के शोध के लिए मजबूत आधार तैयार किया।
करिश्मा की शैक्षणिक यात्रा यहीं नहीं रुकी। वर्तमान में वह हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (HNBGU), श्रीनगर कैंपस से प्रतिष्ठित नेशनल फेलोशिप के साथ पीएचडी कर रही हैं।
ग्रामीण और सीमित संसाधनों वाले क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति हासिल करने और केंद्रीय विश्वविद्यालय से नेशनल फेलोशिप के साथ शोध करने तक का करिश्मा का सफर क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है।
करिश्मा की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन, प्रधानाचार्य और समस्त शिक्षक वर्ग ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि करिश्मा शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम आगे भी रोशन करेंगी।
What's Your Reaction?


