कांग्रेस पार्टी के 2400 प्रधान 2300 उपप्रधान चुनाव जीते, CM बोले, मंडी में अनिल शर्मा जीते, जयराम नहीं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 3575 पंचायतों में से 2400 प्रधान और 2300 उपप्रधान कांग्रेस विचारधारा के चुनाव जीतकर आए हैं। वह रविवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 53 नगर निकाय में से 29 कांग्रेस और 21 जगह भाजपा जीती, तीन जगह बराबर-बराबर हैं।
शिमला 01 जून, 2026 :
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 3575 पंचायतों में से 2400 प्रधान और 2300 उपप्रधान कांग्रेस विचारधारा के चुनाव जीतकर आए हैं। वह रविवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 53 नगर निकाय में से 29 कांग्रेस और 21 जगह भाजपा जीती, तीन जगह बराबर-बराबर हैं। अब तीन नगर निगम में चुनाव जीतकर भाजपा के नेता बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने मंडी में विधायक अनिल शर्मा के नाम पर वोट दिए हैं, न कि जयराम ठाकुर के नाम पर। मंडी, धर्मशाला और पालमपुर में जहां विधायक एक्टिव हैं, वहां विधायक को वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि बीडीसी और जिला परिषद के परिणाम कांग्रेस में पक्ष में आएंगे। नगर निगम चुनाव में स्थानीय विधायक को देख कर लोग वोट देते हैं। भाजपा नगर निगम चुनावों के आधार पर पूरे प्रदेश का माहौल बताने की कोशिश कर रही है, जबकि वास्तविक तस्वीर जिला परिषद और पंचायत प्रधानों के नतीजों से सामने आ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में कुल्लू की चार और मंडी की तीन सीटों पर कांग्रेस को बढ़त मिली है। जिला परिषद चुनावों के अंतिम नतीजे भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।
मुख्यमंत्री ने मंडी नगर निगम चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जीत का श्रेय काफी हद तक स्थानीय विधायक अनिल शर्मा के प्रभाव को जाता है, जबकि धर्मशाला में स्थानीय विधायक सुधीर की भूमिका रही। नगर निगम चुनाव किसी एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित होते हैं, इसलिए उन्हें पूरे प्रदेश का जनादेश नहीं माना जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला परिषद चुनाव लगभग 70 प्रतिशत विधानसभा क्षेत्र को कवर करते हैं और इन्हीं नतीजों से प्रदेश की राजनीतिक दिशा स्पष्ट होगी। उन्होंने भाजपा नेता जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जल्दबाजी में जीत के दावे कर रहे हैं, जबकि पूरी तस्वीर अभी सामने आना बाकी है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार तथा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का लाभ कांग्रेस को चुनावों में मिल रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी नतीजे आने के बाद कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होकर सामने आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच गुटों में बंटी भाजपा में बिंदल गुट को सोलन में जरूर जीत मिली है, जबकि जयराम ठाकुर हाशिये पर हैं। मंडी नगर निगम को छोड़ दिया जाए, तो नगर परिषद और नगर पंचायत और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को ही जीत मिली है।
What's Your Reaction?


