यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 09-11-2026
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नावर क्षेत्र के अंतर्गत टिक्कर में नवयुवक मण्डल खांगटा द्वारा आयोजित शहीद नाथूराम मेमोरियल" वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह मे मुख्यातिथि के रूप मे शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सर्वप्रथम शहीद नाथू राम को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने मैदान पर जाकर फाइनल में पहुंची टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने भाग लिया और जिला मंडी से संधोल और जिला शिमला से नेरवा की टीम फाइनल में पहुंची।
उन्होंने स्थानीय नवयुवक मण्डल को इस आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में जहां युवा पीढ़ी नशे और अन्य दुर्व्यसनों के जाल में फंसती जा रही है और अपने लक्ष्य से भटक रही है। ऐसे में इस प्रकार के खेल आयोजन अपना एक महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं से जहां एक ओर युवाओं का शरीर और मस्तिष्क स्वस्थ और सुदृढ़ बनाता है, वहीं दूसरी ओर वह नशे और अन्य असामाजिक गतिविधियों से भी बचे रहते हैं। रोहित ठाकुर ने बताया कि वॉलीबॉल हमारे पहाड़ों का प्रसिद्ध और प्रिय खेल है और विशेष कर शिमला जिला ने इस खेल में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए है। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं के प्रति सकारात्मक रवैया रखती है और खेलों के विषय में गंभीर है एवं इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
युवाओं को खेलों का प्रशिक्षण देने की दृष्टि से स्कूली स्तर से खेलों को शिक्षा का अनिवार्य अंग बनाया गया है और कई खेल छात्रावासों का निर्माण भी किया गया हैँ। जहाँ पिछले 70 वर्षों मे इन छात्रावासो की संख्या 8 थी वहीँ वर्त्तमान मे पूरे प्रदेश भर में खेल छात्रावासों की संख्या 12 हो चुकी है, जहाँ पूरे प्रदेश भर से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें है। इसके परिणामस्वरुप युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हुए है और 300 युवाओं को खेल कोटे से नौकरी भी प्राप्त हुई है।इसके अतिरिक्त सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने की दृष्टि से कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं जिसमे खिलाड़ियों की डाइट मनी को 120 रूपये से बढ़ाकर 220 रूपये करने के अलावा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सरकार द्वारा सम्मानित किया जाना शामिल है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि नावर उनके विधानसभा का एक महत्वपूर्ण भाग है और यहाँ पर भी वह सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। पिछले 4 वर्षों के कार्यकाल के दौरान जुब्बल नावर कोटखाई में 206 नई सड़कों का निर्माण हुआ है और 850 करोड़ के विकासात्मक कार्य सड़क और भवन निर्माण के क्षेत्र में इस समय प्रगति पर हैं। अगले वर्ष इस समय तक यह आंकड़ा 10 हज़ार करोड़ तक पहुँच जाएगा। नावर क्षेत्र की सर्वाधिक महत्वपूर्ण सड़क शहीद नाथू राम सड़क के निर्माण हेतू भी 9 करोड़ 50 लाख रूपये जारी किये गए हैँ। इसके अतिरिक्त 20 करोड़ रुपए दो अन्य सड़कों के निर्माण हेतू स्वीकृत किए जायेंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूल सुविधाओं के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिक्कर की दीवार के लिए 10 लाख और 3 लाख रुपये भवन की रंगाई हेतू देने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने स्थानीय नवयुवक मण्डल को 51 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंदर मेहता, पंचायत समिति रोहड़ू की अध्यक्षा ज्ञान पति, स्थानीय पंचायत प्रधान चंद्र प्रकाश त्रिलोकटा, पंचायत समिति सदस्य अमन चौहान, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हरि दत्त, पूर्व अध्यक्ष मुनीलाल नरसेठ, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुमान सिंह, बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष बलवंत झौटा, लोकपाल चौहान, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।