यंगवार्ता न्यूज़ - राजगढ़ 22-03-2026
राजगढ़ के पुराने बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां खड़ी एक मारुति कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों व दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर राजगढ़ क्षेत्र में फायर स्टेशन की कमी को उजागर कर दिया है।
हैरानी की बात यह है कि इतने वर्षों के बाद भी राजगढ़ में दमकल विभाग का न तो कोई कार्यालय है और न ही यहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध है। ऐसी स्थिति में आगजनी की घटनाओं के समय लोगों को अपने स्तर पर ही हालात से निपटना पड़ता है। गौरतलब है कि राजगढ़ क्षेत्र में समय-समय पर आगजनी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ।रविवार सुबह कार में लगी आग की इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में फायर स्टेशन की मांग तेज हो गई है।