चम्बा, 18 मई :
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चम्बा में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में होने वाले पंचायती राज चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए विभिन्न विकास खंडों में कुल 3813 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी के लिए सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड भरमौर में 464, भटियात में 766, चम्बा में 536, मैहला में 521, पांगी में 295, सलूणी में 632 तथा तीसा में 599 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला भर में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए कुल 57 सेक्टर अधिकारी, 396 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 824 पीठासीन अधिकारी तथा 2536 मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।