यंगवार्ता न्यूज चम्बा, 3 जून, 2026 :
उपमण्डल अधिकारी (नागरिक) प्रियांशु खाती ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद चम्बा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की कार्यवाही, जो 3 जून को निर्धारित की गई थी, हिमाचल प्रदेश नगर परिषद निर्वाचन नियमावली, 2015 के नियम 89 के अंतर्गत आवश्यक गणपूर्ति (कोरम) पूर्ण न होने तथा अध्यक्ष पद हेतु केवल एक नामांकन पत्र प्राप्त होने के कारण संपन्न नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि इस कारण निर्वाचन की कार्यवाही को स्थगित करते हुए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद हेतु नामांकन पत्र 4 जून को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक उपमंडल अधिकारी (नागरिक), चम्बा के कार्यालय में दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा तथा नाम वापसी की प्रक्रिया दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक संपन्न की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके उपरांत 4 जून को 1:00 बजे नगर परिषद चम्बा के निर्वाचित सदस्यों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मतपत्र जारी किए जाएंगे तथा मतदान प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर अध्यक्ष पद के निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित होने के पश्चात उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की कार्यवाही भी नियमानुसार तत्काल संपन्न करवाई जाएगी।