संसद के बजट सत्र का पहला चरण पूरा,दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित
संसद के बजट सत्र का पहला चरण शुक्रवार को पूरा हो गया और दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई
न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली 13-02-2026
संसद के बजट सत्र का पहला चरण शुक्रवार को पूरा हो गया और दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई थी। इसके बाद 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण और 01 फरवरी को लोकसभा में बजट पेश किया गया जिसकी प्रति उसी दिन राज्यसभा के पटल पर रखी गयी थी। पहले चरण के तहत दोनों सदनों की 13-13 बैठकें हुईं।
लोकसभा में इस दौरान विपक्ष की तरफ से काफी हंगामा देखने को मिला जिससे सदन का काफी काम प्रभावित हुआ और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा न के बराबर हुई तथा प्रधानमंत्री के जवाब के बिना उसे पारित कर दिया गया। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लंबी चर्चा के बाद उसे पारित किया गया जिसका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर दिया और उनके भाषण के दौरान विपक्ष ने बहिर्गमन किया।
दोनों सदन में बजट पर आम चर्चा हुई जिसका वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उत्तर दिया। दोनों सदनों में बजट सत्र के पहले चरण में औद्योगिक संबंध संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 को भी मंजूरी दी गई। दूसरे चरण की कार्यवाही 09 मार्च को शुरू होगी।
जिसमें मंत्रालय वार बजट आवंटनों पर चर्चा होगी और वित्त विधेयक, अनुदान मांगों और उनसे जुड़े विनियोग विधेयक को स्वीकृति देने के साथ बजट पारित करने की प्रक्रिया पूरी होगी। दोनों चरणों के बीच अवकाश के दौरान संसद की स्थायी समितियों में मंत्रालयों के आवंटनों पर विचार होगा। बजट सत्र 02 अप्रैल तक चलेगा। दूसरे चरण में कुल 17 बैठकें निर्धारित हैं।
What's Your Reaction?

