आस्था : ज्योतिर्लिंग शिवधाम पन्याला में सात किलो चांदी से अलंकृत किया मुख्य शिवलिंग
घुमारवीं-सरकाघाट हाईवे पर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग शिवधाम पन्याला में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व विशेष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस बार मुख्य आकर्षण सात किलो चांदी से अलंकृत किया गया मुख्य शिवलिंग रहेगा
यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर 13-02-2026
घुमारवीं-सरकाघाट हाईवे पर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग शिवधाम पन्याला में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व विशेष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस बार मुख्य आकर्षण सात किलो चांदी से अलंकृत किया गया मुख्य शिवलिंग रहेगा। पर्व से पूर्व विशेष कारीगरों ने शिवलिंग पर चांदी की परत चढ़ाई है, जिससे मंदिर की आभा और भी निखर गई है।
मंदिर कमेटी के संस्थापक सदस्य एवं कानूनी सलाहकार प्रेम सिंह ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्य शिवलिंग को चांदी से मंडित किया गया है। इसके लिए पर्वतीय क्षेत्रों से कुशल कारीगर बुलाए गए थे। साथ ही मंदिर के स्तंभों पर लकड़ी की बारीक नक्काशी का कार्य पिछले दो वर्षों से निरंतर जारी है, जिस पर करीब 10 लाख रुपये की लागत आ रही है।
महाशिवरात्रि इस बार रविवार को पड़ रही है, जिसके चलते भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर कमेटी ने घुमारवीं, बम्म, बनोहा सहित आसपास के क्षेत्रों से निशुल्क विशेष बस सेवा की व्यवस्था की है। मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रसाद वितरण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर में चार पहर की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगने की उम्मीद है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए हैंडबाल नर्सरी मोरसिंघी के प्रशिक्षु खिलाड़ी भी मंदिर समिति का सहयोग करेंगे।
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में 17 फरवरी (मंगलवार) को विशाल भंडारा होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों किलो गाजर का हलवा, दूध और सूखे मेवों का घोटा प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा।
What's Your Reaction?

