हिमकेयर योजना को खोखला बनाकर कांग्रेस सरकार ने गरीबों के इलाज पर लगाया ताला : बिक्रम ठाकुर

पूर्व उद्योग मंत्री एवं भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना हिमकेयर को पूरी तरह खोखला कर दिया है। टांडा मेडिकल कॉलेज में लागू की गई नई अधिसूचना इस बात का प्रमाण है कि सरकार अब गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद मरीजों से स्वास्थ्य का अधिकार भी छीन रही है।

Jul 4, 2026 - 19:32
 0  5
हिमकेयर योजना को खोखला बनाकर कांग्रेस सरकार ने गरीबों के इलाज पर लगाया ताला : बिक्रम ठाकुर

यंगवार्ता न्यूज धर्मशाला 4 जुलाई, 2026 :


पूर्व उद्योग मंत्री एवं भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना हिमकेयर को पूरी तरह खोखला कर दिया है। टांडा मेडिकल कॉलेज में लागू की गई नई अधिसूचना इस बात का प्रमाण है कि सरकार अब गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद मरीजों से स्वास्थ्य का अधिकार भी छीन रही है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि हिमकेयर कार्ड हाथ में होने के बावजूद मरीजों को अपनी जेब से हजारों रुपये खर्च करने पड़ेंगे। सरकार ने दवाइयों की रिइम्बर्समेंट बंद कर दी, एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, लैब जांच जैसी आवश्यक सुविधाओं को भुगतान योग्य बना दिया और भर्ती के बाद मिलने वाली मुफ्त दवाइयों की सुविधा भी समाप्त कर दी। इससे साफ है कि कांग्रेस सरकार गरीबों की नहीं बल्कि उनकी जेब पर डाका डालने का काम कर रही है।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दावे करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज के बजाय बिल थमाया जा रहा है। जिन लोगों ने इस उम्मीद में हिमकेयर कार्ड बनवाए थे कि गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक सहायता मिलेगी, आज वही लोग सबसे अधिक ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले प्रदेशवासियों पर टैक्सों का बोझ बढ़ाया, बिजली-पानी महंगा किया और अब इलाज भी महंगा कर दिया। प्रदेश का आम नागरिक आखिर जाए तो जाए कहां? सरकार की हर नीति जनता की जेब काटने वाली साबित हो रही है। स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था में भी सरकार ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई, बल्कि गरीबों के अधिकारों पर कैंची चला दी।


उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है। यदि यहां हिमकेयर जैसी योजना का दायरा लगातार सीमित किया जाएगा तो दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। एक गरीब परिवार, जो बड़ी मुश्किल से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचता है, उसे अब जांच, दवाइयों और अन्य सेवाओं के लिए अलग-अलग भुगतान करना पड़ेगा। यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी और अमानवीय है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल विज्ञापनों और झूठी घोषणाओं की सरकार बनकर रह गई है। जमीन पर न स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हुई है, न अस्पतालों में डॉक्टरों और संसाधनों की कमी दूर हुई है। उल्टा जो सुविधाएं पहले उपलब्ध थीं, उन्हें भी समाप्त किया जा रहा है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि हिमकेयर योजना में की गई सभी जनविरोधी कटौतियों को तुरंत वापस लिया जाए, दवाइयों, जांचों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को पहले की तरह योजना के अंतर्गत शामिल किया जाए तथा प्रदेश की गरीब जनता के साथ हो रहे इस अन्याय को तत्काल रोका जाए।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और हर जरूरतमंद परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि कांग्रेस सरकार ने हिमकेयर योजना को कमजोर करने वाले इन फैसलों को वापस नहीं लिया, तो भाजपा प्रदेशभर में जनता की आवाज बनकर व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी और सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow