हिमाचल पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,पुलिस ने 145 स्थानों पर मारा छापा
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को एंटी चिट्टा अभियान के दूसरे चरण में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 02-03-2026
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को एंटी चिट्टा अभियान के दूसरे चरण में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। यह अभियान राज्य गुप्तचर विभाग, सशस्त्र बलों और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों की ओर से खुफिया सूचना के आधार पर संचालित किया गया।
डीजीपी अशोक तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान 145 स्थानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान 406 ग्राम चरस, 19.236 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 124 ग्राम चूरा-पोस्त और 4,65,100 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत छह और आबकारी अधिनियम में चार मामले दर्ज किए गए हैं।
अभियान के दौरान ड्रग डिटेक्शन किट का उपयोग किया गय। तलाशी, बरामदगी और गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट, बीएनएसएस, आर्म्स एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत की गई है।
डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में नशामुक्त हिमाचल बनाने के लिए यह अभियान आगे भी अधिक वैज्ञानिक, आक्रामक और शून्य-सहिष्णुता की नीति के साथ जारी रहेगा।
उन्होंने प्रदेश नागरिकों विशेषकर युवाओं से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। लोगों से अपील करते हुए डीजीपी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में शामिल हों।
What's Your Reaction?



