चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मार्ग पर बड़ा हादसा टला, किसान सभा ने उठाई उच्च स्तरीय जांच की मांग

हिमाचल किसान सभा के राज्याध्यक्ष डॉ. कुलदीप तंवर ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि लोक निर्माण विभाग की कथित लापरवाही के चलते भट्टाकुफर-चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मार्ग पर बीते रोज एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक ट्रैवलर वाहन दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। वाहन में मरीज, उनके तीमारदार तथा अन्य यात्री सवार थे।

Jul 29, 2026 - 17:11
 0  4
चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मार्ग पर बड़ा हादसा टला, किसान सभा ने उठाई उच्च स्तरीय जांच की  मांग

यंगवार्ता न्यूज - शिमला, 29 जुलाई, 2026 : 

 हिमाचल किसान सभा के राज्याध्यक्ष डॉ. कुलदीप तंवर ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि लोक निर्माण विभाग की कथित लापरवाही के चलते भट्टाकुफर-चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मार्ग पर बीते रोज एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक ट्रैवलर वाहन दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। वाहन में मरीज, उनके तीमारदार तथा अन्य यात्री सवार थे।

डॉ. तंवर ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भट्टाकुफर-चमियाणा मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं। इस मार्ग से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जाने वाले मरीजों, एंबुलेंस सेवाओं और आम नागरिकों का लगातार आवागमन बना रहता है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपायों की अनदेखी किए जाने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि किसान सभा पिछले कई महीनों से इस मार्ग पर भूस्खलन, अस्थिर ढलानों तथा पेड़ों के गिरने के खतरे को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों को लगातार सचेत करती रही है। उनका आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान वैज्ञानिक मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया। कटिंग के बाद जहां रिटेनिंग वॉल, ढलानों का स्थिरीकरण, उचित जल निकासी व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए थे, वहां कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं।

डॉ. तंवर ने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना भी हो सकती है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि भट्टाकुफर-चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मार्ग का तत्काल उच्च स्तरीय तकनीकी सुरक्षा ऑडिट करवाया जाए। साथ ही पूरे मार्ग पर सुरक्षा एवं स्थिरीकरण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए तथा सड़क चौड़ीकरण कार्य में बरती गई किसी भी प्रकार की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डॉ. तंवर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित विभाग जनता की सुरक्षा को लेकर शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाते हैं तो किसान सभा आम लोगों के हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।        

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow