पल्होड़ी पंचायत की जनता विकास के इंतजार में, कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिए सड़क-पुल के काम : डॉ. बिंदल
नाहन विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली पल्होड़ी पंचायत की सड़क, पुल, पेयजल, भूमि कटाव और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा साहिब से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन 24 सितंबर :
नाहन विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली पल्होड़ी पंचायत की सड़क, पुल, पेयजल, भूमि कटाव और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा साहिब से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की पल्होड़ी पंचायत क्षेत्र की सबसे पिछड़ी और दुर्गम पंचायतों में शामिल है। ऐसे क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता है, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद पहले से चल रहे अनेक विकास कार्य ठप पड़े हैं।
भाजपा सरकार में तेजी से चल रहे सड़क निर्माण के काम कांग्रेस सरकार में बंद
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 तक भाजपा सरकार के कार्यकाल में पल्होड़ी पंचायत में सड़क निर्माण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे थे। कांग्रेस सरकार बनने के बाद सड़क और पुल निर्माण के अनेक कार्यों को रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत में स्कूल के समीप एक महत्वपूर्ण पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। पुल के सभी पाये तक तैयार हो चुके थे, लेकिन लंबे समय से इसका निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों, मरीजों और आम ग्रामीणों की आवाजाही पर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुल का महत्वपूर्ण निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, तो उसे बीच में रोककर ग्रामीणों को कब तक बदहाली में छोड़ा जाएगा?
खड्ड के कटाव से किसानों की जमीन बर्बाद, सरकार की चुप्पी पर सवाल
डॉ. बिंदल ने कहा कि पल्होड़ी में खड्ड के कारण लगातार भूमि कटाव हो रहा है। किसानों की उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और उनकी वर्षों की मेहनत खतरे में है। उन्होंने कहा कि भूमि कटाव रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाने चाहिए थे, लेकिन अभी तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार किसानों की जमीन को लगातार हो रहे नुकसान को गंभीरता से ले और सुरक्षा कार्य तत्काल शुरू करवाए।
पीने के पानी की योजनाएं वर्षों से अधूरी, ग्रामीण खड्ड का पानी पीने को मजबूर
डॉ. बिंदल ने कहा कि पल्होड़ी पंचायत में वर्ष 2022 में शुरू किए गए पेयजल कार्य आज भी अधर में लटके हुए हैं। परिणामस्वरूप अनेक ग्रामीण आज भी खड्डों का असुरक्षित पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पीने का स्वच्छ पानी किसी भी नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है। इसके बावजूद वर्षों से पेयजल योजना पूरी न होना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पल्होड़ी से नाहन तक बढ़ी दूरी, विभागीय कार्यालयों के स्थानांतरण से जनता परेशान
डॉ. बिंदल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पांवटा साहिब से नाहन स्थानांतरित किए जाने के कारण पल्होड़ी क्षेत्र के लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग अपने अधिकांश रोजमर्रा के कार्यों के लिए पांवटा साहिब आते हैं, लेकिन अब लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग से जुड़े कामों के लिए उन्हें नाहन जाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों अतिरिक्त खर्च हो रहे हैं। डॉ. बिंदल ने कहा की पल्होड़ी की 2 बस्तियों में पीने का पानी न होने से यहाँ के लोग बहुत परेशान हैं।
स्कूल में अध्यापक नहीं, स्कूल के कमरे गिरने के कगार पर
डॉ. बिंदल ने कहा की पल्होड़ी स्कूल में अध्यापक नहीं हैं और स्कूल के कमरे गिरने के कगार पर हैं। इससे पंचायत में विधार्थियो को शिक्षा ग्रहण करने में भारी दिक्कत आ रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में चयन प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सैकड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाए गए हैं। लेकिन वर्तमान में योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन को लेकर ग्रामीणों में सवाल हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के चयन में पंचायत की भूमिका को दरकिनार कर अधिकारियों द्वारा मन मर्जी से अपने स्तर पर चयन किया जा रहा है। गरीब और पात्र परिवारों को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए तथा चयन प्रक्रिया में पंचायत को शामिल किया जाना चाहिए।
हिमकेयर और आयुष्मान का लाभ न मिलने से ग्रामीण परेशान
डॉ. बिंदल ने कहा कि पल्होड़ी क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत है कि हिमकेयर और आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाई गई स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा की पंचायत के आयुर्वेद अस्पताल में चिमित्सक न होने से रोगियों को दिक्कत हो रही है।
वन विभाग की सड़क पर बार-बार बाधा, माजरा पहुंचना भी मुश्किल
डॉ. बिंदल ने कहा कि पल्होड़ी क्षेत्र के लोगों को माजरा आने-जाने के लिए वन विभाग की सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क पर आवागमन को लेकर बार-बार बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही से जुड़ी इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। डॉ. बिंदल ने कहा - "पल्होड़ी पंचायत क्षेत्र की दूरदराज और पिछड़ी पंचायत है और पंचायत में विकास कार्यों और जन सुविधाओं की अनदेखी बर्दाश्त योग्य नहीं है।" इस अवसर पर पल्होड़ी पंचायत के प्रधान, पूर्व प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि सहित पंचायत के अन्य निवासी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
