नारकंडा नगर पंचायत में सर्वसम्मति से चुने गए प्रतिनिधि, विधायक ने निर्णय को बताया ऐतिहासिक
ठियोग विधानसभा क्षेत्र की नारकंडा नगर पंचायत में सभी प्रतिनिधियों के निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से चुने जाने पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने क्षेत्रवासियों और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जो ऐतिहासिक निर्णय लिया है, वह लोकतंत्र, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की एक सकारात्मक मिसाल है।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि नगर पंचायत के सभी प्रतिनिधियों का निर्विरोध चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की जनता विकास को प्राथमिकता देना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि बिना किसी राजनीतिक मतभेद के एकजुट होकर कार्य करेंगे, तो निश्चित तौर पर नगर पंचायत को इसका बड़ा लाभ मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि नारकंडा प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और उनकी प्राथमिकता इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने, आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
राठौर ने कहा कि यदि भविष्य में भी सभी लोग इसी प्रकार मिलजुल कर कार्य करते रहे, तो निश्चित तौर पर नारकंडा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई नगर पंचायत जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करेगी।
विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में आपसी सहमति और सहयोग की भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है और नारकंडा की जनता ने एक सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश को दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अंत में कुलदीप सिंह राठौर ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पुनः शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और वह स्वयं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
What's Your Reaction?


