बिजली ठीक करने खंभे पर चढ़े 28 वर्षीय लाइनमैन की करंट लगने से मौत
कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां पर बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां पर बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहन लाल उर्फ मोनू (28 वर्ष) निवासी रानीताल के रूप में हुई है। वह विद्युत उपमंडल विंद्रावन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रविवार रात आए तेज तूफान के कारण क्षेत्र में कई जगह बिजली की तारें टूट गई थीं।सोमवार सुबह मोहन लाल अन्य कर्मचारियों के साथ निगम वार्ड-7 विंद्रावन के जंगल क्षेत्र में क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक करने पहुंचा था। मोहन लाल खंभे पर चढ़कर तारों की मरम्मत कर रहा था, जबकि नीचे मौजूद अन्य कर्मचारी तार खींचने का काम कर रहे थे। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बिजली लाइन बंद की गई थी। काम के दौरान पीछे से किसी कर्मचारी ने लाइन को दोबारा चालू कर दिया, जिससे अचानक तारों में करंट दौड़ गया। जैसे ही लाइन चालू हुई, जमीन पर तार खींच रहे कर्मचारियों को करंट का आभास हुआ और उन्होंने तुरंत तार छोड़ दी, लेकिन खंभे पर मौजूद मोहन लाल करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में विभागीय लापरवाही की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मृतक मोहन लाल की शादी को अभी कुछ ही महीने हुए थे।
What's Your Reaction?


