पीएचसी ट्रहाई भवन निर्माण के लिए 30 लाख की पहली किश्त जारी, मंत्री अनिरुद्ध सिंह राणा का जताया आभार
मशोबरा विकास खंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ट्रहाई के नए भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की पहली किश्त जारी होने पर कसुम्पटी कांग्रेस मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत पीरन के उपप्रधान अत्तर सिंह ठाकुर ने वार्ड सदस्यों के साथ ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह राणा से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
शिमला, 26 जुलाई, 2026 :

अत्तर सिंह ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा पीएचसी भवन का लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है जिसकी निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त जारी कर दी गई है तथा मंत्री ने विभाग को टेंडर सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप अप्रैल 2016 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने ट्रहाई गांव में इस पीएचसी का शुभारंभ किया गया था। लेकिन पिछले करीब दस वर्षों से यह स्वास्थ्य केंद्र निजी भवन में संचालित हो रहा है, जहां चिकित्सक के ठहरने सहित आवश्यक सुविधाओं का अभाव है।
अत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि नए भवन में चिकित्सक के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर उन्होंने मंत्री अनिरुद्ध सिंह राणा से पीएचसी ट्रहाई में क्रसना लैब (डायग्नोस्टिक लैब) शुरू करने का भी आग्रह किया, ताकि स्थानीय लोगों को विभिन्न जांचों के लिए शिमला या सोलन न जाना पड़े और उन्हें घर के निकट ही परीक्षण की सुविधा मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में वार्ड सदस्य अर्चना ठाकुर, अनुराधा देवी और नारायण सिंह भी शामिल रहे।
What's Your Reaction?