भाजपा सरकार ने आईजीएमसी को हिम केयर में 60 करोड़ दिए, सीएम बता रहे 120 करोड़ का घोटाला : जयराम ठाकुर
सराज विधानसभा के बालीचौकी में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस हिम केयर ने 11 लाख से ज्यादा लोगों को इलाज के जरिए जिंदगी दी, उस हिम केयर योजना को मुख्यमंत्री साजिश के तहत बंद करना चाहते
जो अपनी कोई योजना चला नहीं सकते, उन्हें दूसरों की योजनाएं बंद करने में आता है आनंद
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी 09-04-2026
सराज विधानसभा के बालीचौकी में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस हिम केयर ने 11 लाख से ज्यादा लोगों को इलाज के जरिए जिंदगी दी, उस हिम केयर योजना को मुख्यमंत्री साजिश के तहत बंद करना चाहते हैं। इसीलिए वह लगातार झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं, जिससे इस योजना की छवि धूमिल हो और उन्हें इसे बंद करने का मौका मिल जाए। उनके झूठ हर दिन बेनकाब होते हैं, लेकिन अगले दिन फिर उसी बेशर्मी और साफगोई से नया झूठ बोलते हैं।
सदन में हिम केयर में 1100 करोड़ के घोटाले को लेकर उनके बयान को पूरे प्रदेश ने पढ़ा और सुना था। जब हमने तर्कों के साथ उनकी इस बात का खंडन किया और उनसे प्रमाण मांगे, तो उन्होंने माफी मांगी और कहा कि हमसे गलती हो गई। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी की हमने ऑडिट करवाई थी और वहां पर 110 से 120 करोड़ रुपए का घोटाला निकला है।
उससे भी हैरानी की बात यह है कि जब हमने जांच की, तो पता चला कि 2019 से 2022 के बीच हिम केयर के तहत आईजीएमसी में हमारी सरकार के समय लगभग 60 करोड़ का भुगतान किया गया था। फिर भी सुक्खू जी आईजीएमसी में 110 से 120 करोड़ रुपए का घोटाला निकाल लाए हैं। यह सरकार हिम केयर को बंद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
इसी बजट सत्र में विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम केयर में 1100 करोड़ का घोटाला हुआ है। जब हमने आंकड़े रखे कि हमारी सरकार में कुल इलाज ही 441 करोड़ का हुआ है, तो मुख्यमंत्री को समझ आया कि झूठ बेनकाब हो गया, तो उन्होंने कहा कि हमसे गलती हो गई। यह एक संस्थान का मामला है, 120 करोड़ का घोटाला है।
अब यह देखना है कि जब यह तय हो गया कि हमारी सरकार के समय आईजीएमसी में हिम केयर के तहत लगभग 60 करोड़ का ही भुगतान हुआ है, तो वह 120 करोड़ का घोटाला कहां से लाए हैं। अब वह क्या झूठ बोलते हैं, यह देखना बाकी है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों पर धावा बोला और 6 महीने के अंदर ही 2000 से ज्यादा संस्थान बंद कर दिए। अब सुक्खू सरकार की नजर पूर्व सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं पर है। इसीलिए वह षड्यंत्र करके उन्हें बंद करने की पृष्ठभूमि तैयार कर रहे हैं।
सहारा योजना में लोगों को पेंशन न देने के लिए उन्हें मृत घोषित कर उनकी पेंशन काटी जा रही है। कैंसर के इलाज को पुरुषों की बच्चेदानी निकालने की बात कहकर प्रचारित किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके सलाहकारों को ध्यान रखना चाहिए कि समय एक जैसा नहीं होता। उनका हर झूठ सच की कसौटी पर बेनकाब हुआ है और आगे भी होगा।
सिर्फ इसलिए लोगों को जीवन देने वाली योजनाओं को बंद नहीं किया जा सकता क्योंकि आप उससे बेहतर कोई योजना ला नहीं सकते। आपकी सरकार के साढ़े तीन साल का कार्यकाल बीतने के बाद भी लोग उन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं और उन्हें याद कर रहे हैं।
बालीचौकी में आयोजित रोष रैली और जनसभा के माध्यम से जयराम ठाकुर ने स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा अब चुप नहीं बैठेगी और इस जनविरोधी, दिशाहीन और प्रतिशोधी सरकार को जड़ से उखाड़ने के लिए गांव-गांव जाकर जनता को इनके असली चेहरे से अवगत कराएगी, क्योंकि प्रदेश की जनता अब इस कुशासन और झूठ की राजनीति से पूरी तरह ऊब चुकी है और राज्य में पुन: विकासोन्मुखी नेतृत्व की प्रतीक्षा कर रही है।
सम्मेलन के दौरान बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 की खस्ताहाल स्थिति के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन केंद्र से पैसा मिलने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सरकार के भीतर भारी असंतोष है और स्वयं विधानसभा अध्यक्ष भी सदन में मुख्यमंत्री के पक्षपातपूर्ण रवैये पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अधिकारियों के भ्रष्टाचार को इसलिए संरक्षण दे रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि जांच होने पर उनके अपने 'काले कारनामे' उजागर हो जाएंगे।
What's Your Reaction?




