यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 21-07-2026
माँ श्यामला वेलफेयर सोसाइटी की ओर से शिमला में एकल महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सोसाइटी की ओर से एकल महिलाओं को सम्मानित कर उनके साहस और संघर्ष को सलाम किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एकल महिलाओं का मनोबल बढ़ाना और समाज में उनके योगदान को सम्मान देना रहा। वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष कुसुम सदरेट ने कहा कि एकल महिलाओं का जीवन अनेक चुनौतियों से भरा होता है।
इसके बावजूद वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जी रही हैं। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं के साहस और संघर्ष से समाज को भी सीख लेनी चाहिए। कई महिलाओं से बातचीत के दौरान यह सामने आया कि वे पिछले 30 वर्षों से अपने परिवार की जिम्मेदारियां स्वयं संभाल रही हैं। ऐसी महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि माँ श्यामला वेलफेयर सोसाइटी हमेशा ऐसे लोगों के साथ खड़ी है, जिन्हें सहयोग और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। संस्था का प्रयास रहता है कि जरूरतमंद और संघर्षरत लोगों का आत्मविश्वास बढ़े और वे सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें।
कुसुम सदरेट ने बताया कि सोसाइटी की ओर से समय-समय पर सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं। इनमें कालीबाड़ी मंदिर में भोजन वितरण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित करना, टीबी मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध करवाना तथा सर्दियों के दौरान जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित करना प्रमुख रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी सामाजिक सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।