पंडोगा स्कूल में 90 लाख से बने नए भवन का लोकार्पण, पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण अगले पांच माह में होगा पूरा : मुकेश अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंडोगा में लगभग 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। दो मंजिला इस भवन में छह नए कक्षों का निर्माण किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Jul 13, 2026 - 20:48
 0  8
पंडोगा स्कूल में 90 लाख से बने नए भवन का लोकार्पण, पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण अगले पांच माह में होगा पूरा : मुकेश अग्निहोत्री

यंगवार्ता न्यूज ऊना, 13 जुलाई, 2026 : 

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंडोगा में लगभग 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। दो मंजिला इस भवन में छह नए कक्षों का निर्माण किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन पंडोगा-त्यूड़ी पुल का कार्य अगले पांच माह में पूरा कर लिया जाएगा। करीब 52 करोड़ से बन रहा यह पुल आवागमन की बड़ी सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि लोअर पंडोगा में पंचायत घर के निर्माण के लिए भूमि की पहचान  कर पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति से उपयुक्त स्थान पर भवन का निर्माण कराया जाएगा।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली का पंजावर गांव सहकारिता आंदोलन की जन्मस्थली के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है । वहां 10 करोड़ रुपये की लागत से मियां हीरा सिंह स्टेट कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है।  इस परिसर में भविष्य में एमबीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंडोगा विद्यालय में विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप भविष्य में भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

विद्यालय पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री का स्कूली विद्यार्थियों ने पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर परिवहन निगम के सदस्य अशोक ठाकुर ने अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना सूद ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान गुरपाल सिंह, उच्च शिक्षा उप निदेशक अनिल तक्की, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के सोम लाल धीमान सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow