अम्ब-ऊना हाईवे पर भयंकर हादसा: टूरिस्ट बस से टकराई कार के उड़े परखच्चे, हमीरपुर के युवक की माैत

अम्ब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक टूरिस्ट बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में हमीरपुर जिले के रहने वाले एक 37 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक पेशे से एक मेडिकल रिप्रैजेंटेटिव (एमआर) था।

Jun 10, 2026 - 21:10
 0  9
अम्ब-ऊना हाईवे पर भयंकर हादसा: टूरिस्ट बस से टकराई कार के उड़े परखच्चे, हमीरपुर के युवक की माैत

यंगवार्ता न्यूज ऊना 10 जून, 2026 : 

अम्ब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक टूरिस्ट बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में हमीरपुर जिले के रहने वाले एक 37 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक पेशे से एक मेडिकल रिप्रैजेंटेटिव (एमआर) था। इस घटना के बाद मृतक के परिवार और इलाके में मातम छा गया है। मृतक की पहचान मंजीत सिंह ठाकुर पुत्र रसील सिंह, निवासी गांव खरोटा, डाकघर कोहडरा, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार यह भयानक हादसा बीते मंगलवार की रात करीब 11 बजे हुआ। मंजीत सिंह अपनी कार से ऊना से अम्ब की तरफ जा रहा था। जब वह नंदपुर और कुठियाड़ी के बीच हाईवे पर स्थित एक पैट्रोल पम्प के पास पहुंचा, तो विपरीत दिशा से आ रही एक टूरिस्ट बस से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह बुरी तरह से पिचक गई। हादसे के बाद मंजीत कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गया था। हादसे की पता चलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद मंजीत को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और  सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उसका पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हादसे के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow