कांग्रेस सरकार को GST की राहत नहीं, जनता की राहत से समस्या : बलदेव तोमर
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं शिलाई से मंत्री हर्षवर्धन चौहान के प्रतिद्वंद्वी बलदेव तोमर ने चौहान के हालिया बयान पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का रवैया साफ दर्शाता है कि उन्हें हिमाचल की जनता को राहत मिलने से चिढ़ है

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 05-09-2025
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं शिलाई से मंत्री हर्षवर्धन चौहान के प्रतिद्वंद्वी बलदेव तोमर ने चौहान के हालिया बयान पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का रवैया साफ दर्शाता है कि उन्हें हिमाचल की जनता को राहत मिलने से चिढ़ है। जीएसटी दरों में कमी से जब हर वर्ग को फायदा हो रहा है, तब कांग्रेस के मंत्री इसे “1000 करोड़ का नुकसान” बता रहे हैं।
तोमर ने कहा कि जीएसटी की पूरी व्यवस्था में राज्यों का भी बराबर हिस्सा होता है। SGST (State GST) और IGST (Integrated GST) से हिमाचल को लगातार राजस्व मिलता रहा है। सवाल यह है कि इतने वर्षों से हिमाचल को जीएसटी का जो हजारों करोड़ रुपये का हिस्सा मिला, वह आखिर गया कहां?
कांग्रेस सरकार बताये कि उस पैसे से कितने स्कूल, कितने अस्पताल या कितनी सड़कें बनीं। सच्चाई यह है कि जनता को इसका कोई लाभ नहीं मिला और पैसा सत्ता सुख में ही खर्च हुआ।
उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि आज जब केंद्र की मोदी सरकार ने महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के लिए जीएसटी दरें घटाई, तो कांग्रेस को जनता की खुशी हजम नहीं हो रही। कांग्रेस नेताओं को सिर्फ घाटा दिखाई दे रहा है, फायदा नहीं। यह जनता-विरोधी मानसिकता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
बलदेव तोमर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की दोहरी सोच जगजाहिर है। राहुल गांधी एक दिन कहते हैं कि जीएसटी खत्म कर दो और उनके मंत्री अगले दिन कहते हैं कि जीएसटी दरें घटाने से राज्य को घाटा हो रहा है। लगता है कांग्रेस के लिए न तो जनता की भलाई मायने रखती है और न ही आर्थिक स्थिरता, उन्हें सिर्फ सियासी हेडलाइन चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि ढाई साल में हिमाचल सरकार ने 38 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया। प्रदेश की आमदनी भी लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद जनता को विकास और रोजगार के नाम पर क्या मिला? बिजली–पानी महंगे, पेट्रोल-डीजल पर टैक्स की मार, बेरोजगार युवाओं को सिर्फ झूठे वादे और हर मोर्चे पर कर्ज का बोझ।
तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार जीएसटी दरों में कमी को घाटा बता कर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि असलियत यह है कि इससे हर उपभोक्ता, हर व्यापारी और हर गृहणी को राहत मिली है। जिस चीज को कांग्रेस घाटा बता रही है, वही दरअसल जनता के लिए आर्थिक मदद है।
उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा जनता को गुमराह करने के इन प्रयासों को बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि अब तक जीएसटी और कर्ज से मिले हजारों करोड़ रुपये किस मद में खर्च हुए। जनता को राहत देने की बजाय सिर्फ रोना-धोना करना उनकी आदत बन गई है।
अंत में बलदेव तोमर ने कहा – “जनता की राहत भाजपा के लिए गर्व की बात है, लेकिन कांग्रेस के लिए परेशानी। यही फर्क है भाजपा और कांग्रेस की सोच में। हिमाचल की जनता सब समझ रही है और समय आने पर इसका हिसाब जरूर देगी।”
What's Your Reaction?






