जनेडघाट ग्राम सभा में वीबी-जी राम जी योजना, स्वच्छता व नशामुक्ति अभियान पर हुई चर्चा
गांधी जयंती के अवसर पर जुन्गा तहसील की ग्राम पंचायत जनेडघाट में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में कोरम से कहीं अधिक संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत के विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान सुचिता आन्नद ने की। इस मौके पर ग्रामीणों को स्वच्छता और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
राजीव ठाकुर ने बताया कि पंचायत क्षेत्र की प्राथमिक जरूरतों को चिन्हित कर उन्हें आगामी पांच वर्षों की विकास योजनाओं में शामिल करने पर जोर दिया गया । उन्होने बताया कि बैठक में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के लिए कमेटी गठित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए कर्मचारी रखने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया।
उन्होने बताया कि ग्राम सभा में नशामुक्त भारत अभियान और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के बारे ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पंचायत सचिव राजीव ठाकुर ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने तथा पंचायत को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाने में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में उप प्रधान संजीव वर्मा सहित सभी वार्ड सदस्यों और भारी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया ।
What's Your Reaction?


