हलां के पास बड़ा हादसा टला, चौहान ट्रेवल्स की बस के ब्रेक फेल होने पर ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं 50 जानें
पांवटा साहिब से बकरास वाया संगड़ाह रूट पर चलने वाली चौहान ट्रेवल्स (HP71-1492) की बस शुक्रवार को हलां गांव के पास एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
यंगवार्ता न्यूज पांवटा साहिब 9 जुलाई, 2026 :
पांवटा साहिब से बकरास वाया संगड़ाह रूट पर चलने वाली चौहान ट्रेवल्स (HP71-1492) की बस शुक्रवार को हलां गांव के पास एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, बस हलां गांव के पास खड़ी चढ़ाई चढ़ रही थी। इसी दौरान सड़क पर कीचड़ और फिसलन के बीच अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके चलते बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और बस पीछे की ओर लुढ़कने लगी।
बताया जा रहा है कि बस करीब 20 मीटर तक पीछे आई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पीछे की ओर पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। बस पहाड़ी से टकराकर रुक गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने चालक की हिम्मत और समझदारी की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सूझबूझ के कारण सभी की जान सुरक्षित बच गई।
What's Your Reaction?