मेकेनिकल फेलियर से गिरा निर्माणाधीन पुल, एक मजदूर की गई जान, जांच शुरू
शिमला-मटौर फोरलेन पर हमीरपुर के मसियाणा में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा शुक्रवार दोपहर अचानक गिर गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि कुछ घायल हुए हैं। हादसे का कारण मेकेनिकल फेलियर बताया जा रहा है। क्योंकि स्टील ट्रस स्पैन टनों के हिसाब से भार संभाल सकता है। इसका अचानक गिर जाना इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि इसे सही ढंग से स्थापित नहीं किया गया था
यंगवार्ता न्यूज - हमीरपुर 3 अक्टूबर :
शिमला-मटौर फोरलेन पर हमीरपुर के मसियाणा में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा शुक्रवार दोपहर अचानक गिर गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि कुछ घायल हुए हैं। हादसे का कारण मेकेनिकल फेलियर बताया जा रहा है। क्योंकि स्टील ट्रस स्पैन टनों के हिसाब से भार संभाल सकता है। इसका अचानक गिर जाना इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि इसे सही ढंग से स्थापित नहीं किया गया था। हमीरपुर की बीएसएनएल कालोनी के समीप बन रहे हाई-वे के 90 मीटर ट्रस बृज निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच पुल का हिस्सा जिसे स्टील ट्रस स्पैन कहा जाता है अचानक गिर गया। पुल पर काम कर रहे दो मजदूर स्पैन के साथ ही सीधे नीचे गिर गए तथा बुरी तरह से घायल हो गए।
यह देखकर अन्य मजदूरों ने चिल्लाना शुरू किया तथा वे पुल के उस हिस्से पर फंस गए जो स्पोर्ट पिलर है। यहां घास काटने के लिए आया एक व्यक्ति हथली खड्ड में घायलों तक पहुंचा तथा अन्य लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। बाद में प्रशासन राहत एवं बचाव सामग्री के साथ मौके पर पहुंचा तथा घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचे दोनों घायलों में से एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार शाम तक पुल के पिल्लर पर फंसे हुए मजदूरों को भी सुरक्षित निकाला है। कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।
एनएचएआई की ओर से प्रारंभिक तौर पर पुल गिरने का कारण मेकेनिकल फेलियर बताया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया है।
शिमला-मटौर फोरलेन के पीडी ईं. राकेश कुमार यादव के अनुसार 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज की लॉन्चिंग का कार्य पुशिंग मेथड के माध्यम से किया जा रहा था। लॉन्चिंग प्रक्रिया के दौरान जब लॉन्चिंग नोज पियर कैप के ऊपर पहुंचा, तो अचानक तकनीकी खराबी के कारण वह ढह गया, जिसके परिणामस्वरूप ट्रस संरचना नीचे गिर गई।
What's Your Reaction?


