नाहन में धमकाकर अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार नकद और शराब की दो महंगी बोतलें बरामद
जिला सिरमौर के नाहन में शिकायत वापस लेने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर अवैध वसूली करने के मामले में सिरमौर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूले गए 30 हजार रुपये नकद और शराब की दो महंगी बोतलें भी बरामद की हैं। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
यंगवार्ता न्यूज। नाहन 19 नवंबर :
जिला सिरमौर के नाहन में शिकायत वापस लेने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर अवैध वसूली करने के मामले में सिरमौर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूले गए 30 हजार रुपये नकद और शराब की दो महंगी बोतलें भी बरामद की हैं। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सदर नाहन में 18 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 227/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता नाहन में एक शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। कुछ समय पहले शराब के रेट को लेकर उसकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी।
आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति शिकायत वापस लेने के बदले शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने लगा। साथ ही उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर 30 हजार रुपये नकद और शराब की दो महंगी बोतलों की मांग की। धमकियों से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने आरोपी को कथित तौर पर 30 हजार रुपये और शराब की दोनों बोतलें दे दीं। इसके तुरंत बाद उसने पुलिस थाना सदर नाहन पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलते ही सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद और शराब की दोनों बोतलें बरामद कर ली हैं। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मुकदमे का अन्वेषण पुलिस थाना सदर नाहन की टीम कर रही है।
धमकी देकर वसूली करने वालों की सूचना पुलिस को दें : एसपी
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति शिकायत वापस लेने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने या नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर पैसे अथवा कीमती वस्तुओं की मांग करता है तो उसके दबाव में न आएं और न ही कोई धनराशि दें। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही फोन कॉल, संदेश, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें, ताकि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिरमौर पुलिस इस तरह की अवैध वसूली और धमकी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
What's Your Reaction?


