68 सीटों पर चुनाव लड़कर हिमाचल की सत्ता में बदलाव का दावा, आप ने फूंका चुनावी बिगुल
हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अभी से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और पूरी ताकत के साथ अपनी सरकार बनाने का दावा किया है। आप के प्रदेश प्रवक्ता राकेश आजटा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों को आजमा चुकी जनता अब तीसरे विकल्प की तलाश में है। पार्टी प्रदेश में ऐसी राजनीतिक व्यवस्था देना चाहती है, जहां सरकार की पहचान पांच साल बाद बदलने से नहीं, बल्कि विकास कार्यों से हो।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 19 नवंबर :

पत्रकार वार्ता में आजटा ने कहा कि प्रदेश की जनता दोनों प्रमुख दलों से निराश है। हिमाचल में वर्ष 1985 के चुनाव को छोड़कर कोई भी सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं लौटी। यह जनता की बदलती उम्मीदों और सरकारों के प्रति नाराजगी को दर्शाता है। आप इस परंपरा को बदलकर काम के दम पर जनता का विश्वास जीतना चाहती है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि किसानों, बागवानों, बेरोजगार युवाओं और महिलाओं से किए गए वादे अब तक पूरी तरह पूरे नहीं हुए। समर्थन मूल्य, मार्केट इंटरवेंशन स्कीम, मोबाइल क्लीनिक, रोजगार, महिलाओं को 1500 रुपये और शिक्षा संबंधी गारंटियों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। इन्हीं मुद्दों को लेकर 20 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
आजटा ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई कार्यों के अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलों और अन्य निर्माण कार्यों का जिक्र करते हुए जनता के पैसे के इस्तेमाल पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
शिमला के टुकड़े करने के पक्ष में नहीं
नए जिले बनाने के सवाल पर आजटा ने कहा कि जनसुविधाएं बढ़ाने के लिए ऐसे फैसले लिए जाने चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि शिमला के टुकड़े नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़कर प्रदेश की राजनीति में मजबूत तीसरा विकल्प बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगी।
What's Your Reaction?