ITI राजगढ़ में तृतीय जिला स्तरीय सेंसिटाइजेशन कार्यशाला आयोजित
प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र, राजकीय डिग्री कॉलेज राजगढ़, जिला सिरमौर की ओर से RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED), उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), राजगढ़ में तृतीय जिला स्तरीय सेंसिटाइजेशन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
यंगवार्ता न्यूज - राजगढ़ 18 नवंबर :
प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र, राजकीय डिग्री कॉलेज राजगढ़, जिला सिरमौर की ओर से RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED), उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), राजगढ़ में तृतीय जिला स्तरीय सेंसिटाइजेशन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ITI के विद्यार्थियों एवं युवाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार, स्टार्टअप तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध व्यवसायिक अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने और रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में श्री राकेश कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय ITI राजगढ़ ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ उद्यमिता अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर श्री मामराज शर्मा, सचिव, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब ने RAMP योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने योजना के उद्देश्यों, इसके अंतर्गत मिलने वाले सहयोग तथा युवाओं के लिए उपलब्ध उद्यमिता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से राजगढ़ क्षेत्र में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों एवं अवसरों का उपयोग करके छोटे व्यवसाय और उद्यम स्थापित करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
कार्यशाला में श्री राजेश शर्मा, कोऑर्डिनेटर, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र की भूमिका एवं महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को विकसित करने, उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर संस्थान के प्रशिक्षक श्री अमृतराज, इंस्ट्रक्टर (सर्वेयर), सुश्री रीना कुमारी, इंस्ट्रक्टर (Employability Skills) तथा सुश्री साक्षी शर्मा (COPA) सहित संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यशाला में कुल 75 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता की बुनियादी अवधारणाओं, स्थानीय स्तर पर व्यवसाय शुरू करने के अवसरों, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा RAMP योजना के माध्यम से उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का समापन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने तकनीकी कौशल का सदुपयोग करने तथा स्थानीय संसाधनों के आधार पर नए उद्यम स्थापित करने के प्रेरक संदेश के साथ हुआ।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनके कौशल को व्यवसाय से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह पहल आत्मनिर्भर हिमाचल एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
What's Your Reaction?
