हिमाचल से विदा हुआ मानसून, सामान्य से 11 फीसदी कम हुई बारिश, इस बार 380 लोगों की हुई मौत
हिमाचल प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून विदा हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून ने आज पूरे प्रदेश से विदाई ली। इस बार मॉनसून एक सप्ताह देरी से प्रदेश से विदा हुआ है जबकि इसकी सामान्य विदाई की तारीख 25 सितंबर है। मानसून ने हिमाचल में 30 जून को प्रवेश किया था । इस बार मानसून में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश हुई है। पूरे मानसून सीजन में बारिश से जुड़े हादसों में 380 लोगों की मौत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक,125 साल में 41वीं सबसे कम वर्षा इस साल हुई है।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 3 अक्टूबर :

प्रदेश में 652.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 734.4 मिलीमीटर है। इस लिहाज से प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से 11 फीसदी कम रही। पिछले साल 2025 में मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में सामान्य से 39 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई थी।
रिपोर्ट में मानसून सीजन के दौरान बारिश से जुड़े हादसों में हिमाचल प्रदेश में 380 लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग अभी लापता हैं। हादसों में 637 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 226 की जान सड़क हादसों में गई, जबकि 154 लोगों की मौत भूस्खलन, अचानक बाढ़, डूबने, बहने, फिसलने और बारिश से जुड़े अन्य हादसों में हुई है। इस दौरान 884 मवेशियों की भी मौत हुई है।
राज्य में मानसून से करीब 3,231 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। बारिश और आपदा की घटनाओं में 153 मकान पूरी तरह और 537 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 18 दुकानें, छह घराट और 502 पशुशालाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग को सड़कों और पुलों को हुए नुकसान से करीब 2,744 करोड़ रुपये की क्षति का अनुमान है।
What's Your Reaction?