यंगवार्ता न्यूज शिमला 1 जुलाई, 2026 :
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने झमाझम बारिश के साथ हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे दी है। मंगलवार को एंट्री के साथ ही प्रदेश के सात जिलों को मानसून ने कवर कर लिया है। सामान्य (25 जून) के मुकाबले इस बार मानसून करीब 5 दिन की देरी से पहुंचा है। मानसून के दस्तक देते ही कई क्षेत्रों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बुधवार से प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मानसून के दस्तक देते ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार को कांगड़ा और मंडी में दिनभर बादल जमकर बरसे, जबकि राजधानी शिमला में शाम के समय तेज बारिश हुई। पिछले साल मानसून 20 जून को पहुंचा था, लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से दस्तक दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मानसून ने किन्नौर के अलावा कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लिया है। अगले 2 से 3 दिन में चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन सहित शेष जिलों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हैं। मानसून की सक्रिय शुरुआत को देखते हुए अगले चार दिन के लिए येलो एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एक से चार जुलाई के बीच निचले एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में व्यापक बारिश होगी।
2 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा जबकि 3 को ऊना, कुल्लू, मंडी, शिमला व सिरमौर और 4 को कांगड़ा, मंडी व शिमला जिले में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। एक जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा व मंडी, 2 जुलाई को चंबा, मंडी व सिरमौर, 3 जुलाई बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा व सोलन और 4 को ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट है।