मुख्यमंत्री ने पाड़छू पुल के निकट हुए नुकसान का लिया जायजा , प्रभावितों को दिया सहायता का भरोसा 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला मंडी के धर्मपुर क्षेत्र में पाड़छू पुल के निकट हुए नुकसान का निरीक्षण किया। हाल ही में क्षेत्र में पानी जमा होने से एक अस्थायी झील बन गई थी, जिससे उसके समीप बने मंदिर और शमशान घाट को नुकसान हुआ है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत करवाया

Jul 2, 2025 - 19:35
 0  33
मुख्यमंत्री ने पाड़छू पुल के निकट हुए नुकसान का लिया जायजा , प्रभावितों को दिया सहायता का भरोसा 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  02-07-2025

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला मंडी के धर्मपुर क्षेत्र में पाड़छू पुल के निकट हुए नुकसान का निरीक्षण किया। हाल ही में क्षेत्र में पानी जमा होने से एक अस्थायी झील बन गई थी, जिससे उसके समीप बने मंदिर और शमशान घाट को नुकसान हुआ है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत करवाया। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला में मूसलाधार बारिश के कारण भारी तबाही हुई है। स्याठी गांव में भूस्खलन से 20 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा 61 लोगों को समय रहते सुरक्षित राहत शिविरों में आश्रय दिया गया है। 
उन्होंने चट्टानी सतह के खिसकने के कारणों का पता लगाने तथा अध्ययन किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बादल फटने की आठ से दस घटनाएं घटित हुई हैं। जलवायु परिवर्तन भी इसका एक कारण हो सकता है। केंद्र और राज्य सरकारों को सामूहिक रूप से ऐसी घटनाओं के कारणों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडी जिला के थुनाग, जंजैहली और बगस्याड़ क्षेत्रों में भी भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बहाली के लिए कर्मचारी समर्पित भाव से काम में जुटे हुए हैं। कर्मचारियों की तत्परता से बगस्याड़ में सड़क को बहाल कर दिया गया है। 
मंडी जिला में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 अन्य लापता हैं। गोहर उपमंडल में पांच, थुनाग में तीन और जोगिंद्रनगर व करसोग में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु की पुष्टि हुई है तथा प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान की जा रही है। धर्मपुर के विधायक चंद्र शेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशील नेतृत्व का परिचय देते हुए 24 घंटे के भीतर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों के दर्द को साझा किया है। इस अवसर पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow