रिज मैदान पर पुष्पांजलि अर्पित कर मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती
भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं लौह महिला के नाम से विश्वभर में विख्यात स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आज रिज मैदान शिमला स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने देश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता तथा भारत को सशक्त राष्ट्र बनाने में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
इस अवसर पर बतौर उपाध्यक्ष वन विकास निगम केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी भारत की ऐसी महान एवं दृढ़ इच्छाशक्ति वाली नेता थीं, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक एवं दूरगामी निर्णय लेकर देश की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा प्रदान की। उनके साहसिक नेतृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रतिबद्धता के कारण आज भी उन्हें पूरे विश्व में लौह महिला के रूप में याद किया जाता है।
बैंक राष्ट्रीयकरण से किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिली मजबूती
केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया जाना देश के आर्थिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण निर्णय था। उनका मानना था कि जब तक देश का किसान और ग्रामीण क्षेत्र आर्थिक रूप से सशक्त नहीं होगा, तब तक भारत वास्तविक प्रगति नहीं कर सकता। राष्ट्रीयकरण के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और बागवानों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। इससे पहले बैंकिंग व्यवस्था पर बड़े पूंजीपतियों का अधिक प्रभाव था, जबकि आम किसान इन सुविधाओं से अपेक्षित लाभ नहीं उठा पाते थे।
आमजन को सशक्त बनाने के लिए लिया ऐतिहासिक निर्णय
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने समाज में व्याप्त आर्थिक और सामाजिक असमानता को दूर करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए। देश में पूर्व राजे-महाराजाओं को प्राप्त विशेषाधिकारों एवं प्रिवी पर्स की व्यवस्था समाप्त करने का उनका निर्णय इसी दिशा में एक ऐतिहासिक पहल थी। इसका उद्देश्य सत्ता और विशेषाधिकारों के केंद्रीकरण को समाप्त कर आम नागरिक को अधिक समानता और अधिकार प्रदान करना था।
राष्ट्रहित को व्यक्तिगत और राजनीतिक हितों से रखा सर्वोपरि
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन देश के भविष्य और राष्ट्रीय हितों को हमेशा सर्वोपरि रखा। उनके जीवन का मूल मंत्र भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना था। उन्होंने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी का योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर उप महापौर नगर निगम उमा कौशल, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, आयुक्त नगर निगम शिमला सचिन कँवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी सहित अन्य पार्षदगण व गणमान्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?


