दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज़ ग्राम पंचायत सोलंग का दौरा कर लगभग 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो महत्वपूर्ण विकास कार्य जनता को समर्पित किए। उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोलंग के नए भवन तथा 9 लाख रुपये से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
यंगवार्ता न्यूज शिमला 12 जुलाई, 2026 :
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज़ ग्राम पंचायत सोलंग का दौरा कर लगभग 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो महत्वपूर्ण विकास कार्य जनता को समर्पित किए। उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोलंग के नए भवन तथा 9 लाख रुपये से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और सोलंग जैसी दुर्गम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन से स्थानीय बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का आधार और अधिक सुदृढ़ होगा।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। राज्य के कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर व्यय किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रथम चरण के तहत 151 विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के प्रारंभ में शिक्षा विभाग में लगभग 15 हजार पद रिक्त थे। इनमें से करीब 9 हजार पद भरे जा चुके हैं तथा लगभग 3 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिल रही है।
शिक्षा मंत्री ने 9 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे स्थानीय ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक तथा सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने सोलंग पंचायत में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पंचायत उत्तराखंड की सीमा से सटी जुब्बल क्षेत्र की महत्वपूर्ण पंचायत है और यहां के लोगों का उन्हें सदैव स्नेह एवं सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पंचायत में 84 लाख रुपये की लागत से नडली सेंज-नगाली शाशन सड़क, 26 लाख रुपये की लागत से किमटा बस्ती-सास्कीर सड़क तथा किमटा बस्ती से पटाला सड़क का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलंग के भवन की मरम्मत पर 15 लाख रुपये व्यय किए गए हैं, 15 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण किया गया है तथा विद्यालय के पुराने भवन की मरम्मत पर 1.80 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। पंचायत के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए कुल 65 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि समीपवर्ती पंचायत पंद्रानू में 1.74 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो शीघ्र ही पूर्ण होकर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा कुड्डू में 86.61 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण भी जारी है। किरण क्षेत्र में छह नई सड़कों की स्वीकृति दी गई है तथा ग्राम पंचायत सोलंग के लिए 5.40 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित उठाऊ सिंचाई योजना को वित्तपोषण के लिए भेजा जा चुका है।
दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत अंटी के ग्रामीणों से भी मुलाकात की तथा सभाड़-अंटी-छाजपुर सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। आगामी सेब सीजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी संपर्क मार्गों को समय रहते दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों और बागवानों को सेब परिवहन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि अंटी-सभाड़ संपर्क मार्ग के उन्नयन, चौड़ीकरण एवं स्तरोन्नयन का कार्य लगभग 12.78 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है। वहीं सड़क के जीरो पॉइंट निर्माण के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और स्वीकृत धनराशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रोहित ठाकुर ने कहा कि सोलंग, सास्कीर और किरण क्षेत्र से उनका पारिवारिक एवं भावनात्मक जुड़ाव रहा है और वे भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर जुब्बल-नावर-कोटखाई कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्षा कमलेश झगटा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, ग्राम पंचायत सोलंग के प्रधान, ग्राम पंचायत कुड्डू के प्रधान लक्ष्मण चौहान, उपप्रधान विजेंद्र चौहान, ग्राम पंचायत अंटी के प्रधान मोही राम, उपप्रधान महानंद, बीडीसी सदस्य होमिन्दर शर्मा, उत्तराखंड से सटी पंचायतों के प्रतिनिधि, उपमंडलाधिकारी (जुब्बल) गुरमीत नेगी, बीडीओ जुब्बल करण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?


