लोक निर्माण मंत्री ने देवीदढ़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नाचन विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज ग्राम पंचायत जहल के देवीदढ़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की

Jun 4, 2025 - 16:49
 0  35
लोक निर्माण मंत्री ने देवीदढ़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

चैलचौक से देवीदढ़ सड़क का सीआरएफ के तहत होगा उन्नयन, मौके पर ही डीपीआर तैयार करने के दिए निर्देश

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी    04-06-2025

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नाचन विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज ग्राम पंचायत जहल के देवीदढ़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार वर्तमान प्रदेश सरकार का महत्वकांक्षी कार्यक्रम है जिसके माध्यम से घर-द्वार के समीप जनसमस्याओं के निराकरण के साथ ही पंक्ति में अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में प्रस्तुत शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों ने संज्ञान लिया है और वे व्यक्तिगत तौर पर भी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। न्यूज़ उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित निपटारे के लिए प्रतिमाह राजस्व अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान प्रदेश सरकार की इस पहल के बेहतर परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के स्तरोन्नयन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण चार में प्रदेश के लिए लगभग 1500 किलोमीटर सड़कें शामिल की गई हैं और नाचन क्षेत्र की 48 सड़कें भी इनमें शामिल हैं। इसके लिए केंद्र से शीघ्र ही सैद्धांतिक मंजूरी प्राप्त होने की उम्मीद है। 

उन्होंने इन सड़कों के लिए एफसीए मामले और भूमि प्रदान करने की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने का आह्वान स्थानीय जनता से किया। उन्होंने कहा कि देवीदढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और यह क्षेत्र कश्मीर या स्विटजरलैंड की वादियों को टक्कर देता है। उन्होंने चैलचौक से देवीदढ़ सड़क को सीआरएफ के तहत चौड़ा करने के लिए डीपीआर बनाने के मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि चैलचौक-गोहर-पंडोह सड़क के विस्तारीकरण एवं उन्नयन पर लगभग 9.50 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाबार्ड के माध्यम क्षेत्र में चार सड़कों की मेटलिंग टारिंग एवं स्तरोन्नयन पर लगभग 50 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। इसके अतिरिक्त नेहरा से फगोह सड़क पर 6.90 करोड़ रुपए तथा भलोठ से सरयाच सड़क पर 6.66 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है। 

प्रदेश के 200 से 250 आबादी वाले सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। आगामी दो वर्षों में यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों एवं शहरी निकायों को सीधे राशि हस्तांतरित की जाती है। 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर ऐसे मामलों पर सरकार व विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को इस मामले में गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि विकास योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारा जा सके।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत किरन कुमारी व तुलसी देवी को दो-दो लाख रुपए तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की लाभार्थी रोजा चौहान सुपुत्री कुसुम लता को 51 हजार रुपए की राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त वीर नारियों नीतू देवी पत्नी शहीद भूपेंद्र कुमार, निर्मला देवी पत्नी शहीद पूर्णचंद तथा इंदिरा देवी पत्नी शहीद सिपाही इंद्र सिंह को भी सम्मानित किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, मिल्कफैड के पूर्व अध्यक्ष चेतराम ठाकुर, नाचन से पूर्व प्रत्याशी नरेश चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह, पूर्व बीडीसी चेयरमैन नीलमणी, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा सहित विभागीय उच्चाधिकारी, देवी मुंडासन माता मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य व अन्य उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow