गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने दिया देशभक्ति का संदेश
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बॉयज़ नाहन में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कार्यकारी प्रधानाचार्या रजनी शर्मा, समस्त स्टाफ सदस्यों तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 2 अक्तूबर :
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के विचारों तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति के आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी जी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों तथा राष्ट्रप्रेम से संबंधित नारे लगाकर लोगों को देशभक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यकारी प्रधानाचार्या रजनी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दोनों महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, अनुशासन, स्वच्छता, सादगी एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
