शिमला पुलिस ने 72 घंटों में सुलझाई चोरी की गुत्थी, ₹50 लाख के गहने बरामद...पंजाब की 2 शातिर महिलाएं गिरफ्तार

शिमला पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और हाईटैक जांच का शानदार उदाहरण पेश करते हुए चोरी के एक बड़े मामले का महज 72 घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब से 2 शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी हुए 40 तोला सोने व 250 ग्राम चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।

Jul 1, 2026 - 20:18
 0  18
शिमला पुलिस ने 72 घंटों में सुलझाई चोरी की गुत्थी, ₹50 लाख के गहने बरामद...पंजाब की 2 शातिर महिलाएं गिरफ्तार

यंगवार्ता न्यूज शिमला 1 जुलाई, 2026 :

शिमला पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और हाईटैक जांच का शानदार उदाहरण पेश करते हुए चोरी के एक बड़े मामले का महज 72 घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब से 2 शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी हुए 40 तोला सोने व 250 ग्राम चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। बाजार में बरामद किए गए इन गहनों की कुल कीमत 45 से 50 लाख रुपए के करीब आंकी जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान चंद्रवती (39) पत्नी बबलू निवासी पटियाला और रेखा (40) पत्नी श्याम निवासी राजपुरा, पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है। बता दें कि उक्त शातिर महिलाओं ने 25 जून को लोअर बाजार में खरीददारी के दौरान शिमला निवासी खूब सिंह ठाकुर के स्लिंग बैग से कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद खूब सिंह ठाकुर पुलिस में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 

इन शातिर महिलाओं ने चोरी के बाद भागने के लिए बड़ी चालाकी दिखाई थी। शिमला पुलिस की नाकेबंदी और शोघी-बिलासपुर जैसे मुख्य बॉर्डर्स पर लगे चैकिंग प्वाइंट्स से बचने के लिए उन्होंने एक बहुत लंबा और पेचीदा एस्केप रूट चुना। आरोपी महिलाएं शिमला से नारकंडा-लुहरी-कींगल होते हुए कुल्लू, मंडी व बिलासपुर के रास्ते पंजाब पहुंचीं। हालांकि, उनकी यह चालाकी शिमला पुलिस की साइबर सैल और तकनीकी टीम के आगे धरी की धरी रह गई। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी डेटा का गहन विश्लेषण कर आरोपियों की गाड़ी को सटीक तरीके से ट्रैक कर लिया। इसके बाद पुलिस ने 28 जून को पंजाब में दबिश देकर दोनों महिलाओं को रंगे हाथ दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें आगामी गुरुवार तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस सफलता को लेकर एएसपी शिमला मेहर पंवार ने प्रैसवार्ता कर जानकारी दी कि फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और क्रिमिनल इतिहास की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं ये शातिर महिलाएं किसी बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं, जो योजनाबद्ध तरीके से ऐसी वारदातों को अंजाम देता हो।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow