कांगड़ा के 26 वर्षीय जवान अक्षित शर्मा कमांडो ट्रेनिंग के दौरान शहीद,सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
उपमंडल बैजनाथ के उस्तेहड़ निवासी एवं भारतीय सेना के 26 वर्षीय जवान अक्षित शर्मा का जम्मू के अखनूर सेक्टर में कमांडो ट्रेनिंग के दौरान तवी नदी में डूबने से दुखद निधन
यंगवाता न्यूज़ - कांगड़ा 11-03-2026
उपमंडल बैजनाथ के उस्तेहड़ निवासी एवं भारतीय सेना के 26 वर्षीय जवान अक्षित शर्मा का जम्मू के अखनूर सेक्टर में कमांडो ट्रेनिंग के दौरान तवी नदी में डूबने से दुखद निधन हो गया। अक्षित शर्मा भारतीय सेना की 09 पंजाब रेजिमेंट में कार्यरत थे तथा इन दिनों जम्मू में कमांडो प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार कमांडो प्रशिक्षण के तहत तवी नदी में विशेष अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान प्रशिक्षण के दौरान वे हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद भारतीय सेना द्वारा तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव उस्तेहड़ पहुंचा जहां पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। उनके पार्थिव शरीर को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और सभी ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया जा रहा है कि अक्षित शर्मा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और हाल ही में छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे। वे अपने पीछे पिता विजय कुमार और माता रेणु अवस्थी को छोड़ गए हैं। वीर जवान की अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और अक्षित शर्मा अमर रहे के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।
What's Your Reaction?



