प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार हिमाचल की हर प्रकार से कर रही मदद : जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार हिमाचल की हर प्रकार मदद कर रही

Oct 14, 2024 - 01:15
Oct 14, 2024 - 01:28
 0  12
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार हिमाचल की हर प्रकार से कर रही  मदद  : जयराम ठाकुर

सहयोग न करने को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए गए झूठे आरोपों पर माफी मांगे मुख्यमंत्री 

हिमाचल की झूठी गारंटियों का हरियाणा ने ढंग से  दिया है जवाब 

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी    13-10-2024

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार हिमाचल की हर प्रकार मदद कर रही है। इसके बाद भी सरकार के मुख्यमंत्री और सभी छोटे-बड़े नेता मुक्त कंठ से केंद्र सरकार और केंद्रीय नेतृत्व को कोसने से बाज नहीं आ रहे हैं। 

हिमाचल सरकार दो बार समय से वेतन और पेंशन देने में नाकाम हुई। तीसरी बार भी ऐसे ही स्थिति आती लेकिन केंद्र सरकार द्वारा स्टेट टैक्स शेयर के 1479 करोड़ रुपए का एडवांस भुगतान हिमाचल प्रदेश के लिए किया गया जिसके चलते मुख्यमंत्री आज यह कहने की स्थिति में है कि वह दिवाली के पहले प्रदेश में कर्मचारियों को वेतन दे सकते हैं। 

केंद्र सरकार के इतने बड़े सहयोग के बाद भी मुख्यमंत्री सुक्खू और उनके मंत्रियों  ने केंद्र सरकार के बारे में एक भी अच्छा शब्द नहीं कहा। इसलिए मुख्यमंत्री को शिष्टाचार दिखाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताना चाहिए। इसके साथ ही केंद्र सरकार पर बार-बार सहयोग न करने का आरोप लगाने के लिए माफी भी मांगनी चाहिए। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस द्वारा हर दिन किसी न किसी प्रकार का झूठ बोला जाता है। इस सरकार को कांग्रेस और सुख की सरकार के बजाय झूठ की सरकार कहना ही सही होगा। सुक्खू सरकार अपनी हर नाकामी को केंद्र के ऊपर थोपना चाहती है। हर दिन केंद्र सरकार द्वारा सहयोग न किए जाने का आरोप लगाती है। 

भाजपा नेताओं द्वारा हिमाचल का फंड रोकने का झूठ बोलती है। जबकि सच यह है कि हिमाचल प्रदेश को अधिक से अधिक सहयोग करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेता हमेशा केंद्र सरकार से आग्रह करते रहते हैं। जब भी जहां भी मौका मिलता हैं हिमाचल की भौगोलिक चुनौतियों का हवाला देकर हिमाचल के लिए अधिक से अधिक सहयोग करने की बात करते हैं। जिसका लाभ हिमाचल प्रदेश को मिलता रहता है।

पिछले महीने केंद्र सरकार से 92000 प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास हिमाचल प्रदेश को मिला है। आबादी के अनुपात में यह संख्या देश के बाकी राज्यों के मुकाबले कई- कई गुना ज्यादा है। चाहे सीआईआरएफ के तहत मिलने वाला फंड हो या एनडीआरएफ के तहत मिलने वाला फंड हिमाचल प्रदेश के साथ किसी प्रकार का भेदभाव कभी नहीं हुआ। 

इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा हिमाचल के हित में आवाज उठाना ही है। हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल के हितों के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। प्रदेश में जो भी स्वास्थ्य का इंफ्रास्ट्रक्चर है उसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का बहुत बड़ा योगदान है। इसके बारे में मुख्यमंत्री के मुंह से एक शब्द भी न फूटना शर्मनाक है। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में हिमाचल की छवि को कांग्रेस ने धूमिल करने का प्रयास किया है।  मेहनतकश लोगों, शांतिप्रियता और विकासपरक पहचान के लिए जाना जाने वाला हिमाचल टॉयलेट टैक्स, खेल टैक्स, कर्मचारियों का वेतन पेंशन और इलाज का धन न मिलने के लिए सुर्खियों में है। कांग्रेस के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रदेश के लोग कांग्रेस और मुख्यमंत्री को कभी माफ नहीं करेंगे। 

कांग्रेस द्वारा हिमाचल के विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लिए बोले गए हर एक झूठ, दी गई हर एक गारंटी का करारा जवाब हरियाणा के लोग कांग्रेस को दे चुके हैं। जब भी हिमाचल को मौका मिलेगा तो हिमाचल के लोग कांग्रेस की इस ठगी का ऐसा जवाब देंगे कि हिमाचल में कांग्रेस खोजने से भी नहीं मिलेगी।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने थाच, केलोनाल, जंजेहली, कनश्याला, ढीम, पनीचा, लंबा थाच, थुनाग आदि पंचायतों का दौरा कर लोगों से मिलकर उनका हाल चाल- जाना और तमाम स्थानीय लोगों के सुख दु:ख में  शामिल हुए। 

जयराम ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महापर्व की समस्त  प्रदेशवासियों को  शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि व अपार खुशियां लेकर आए। उन्होंने भगवान रघुनाथ जी की भव्य रथयात्रा में पहुंचे समस्त देवी देवताओं का अभिनंदन करते हुए सभी पर कृपा दृष्टि बनाए रखने का आग्रह  किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow