समाज और प्रदेश के विकास में पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण : डॉ. शांडिल
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि समाज और प्रदेश के विकास में पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव, ज्ञान और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं
यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 08-08-2026
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि समाज और प्रदेश के विकास में पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव, ज्ञान और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. शांडिल आज कंडाघाट विकास खंड की ग्राम पंचायत सायरी में आयोजित पेंशनर्स कल्याण संघ तथा वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के 21वें स्थापना दिवस पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ तथा पेंशनर्स कल्याण संघ सायरी के सभी पदाधिकारियों को 21 वर्षों की यात्रा पूरी करने पर शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रियता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि रोगियों की सुविधा के लिए शीघ्र ही सायरी में एक एंबुलेंस प्रदान कर दी जाएगी। उन्होंने कहा की सायरी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन का कार्य पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त बजट के प्रावधान के लिए मामला उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन भी दिया। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह सायरी में अमरूद का पौधा रोपित कर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए हम सभी को एक होकर कार्य करना होगा ताकि भविष्य को हरा-भरा और स्वच्छ बनाया जा सके। हेल्प एज इंडिया के प्रतिनिधि ने इस अवसर पर संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में वरिष्ठ नागरिकों को जानकारी भी प्रदान की गई।
What's Your Reaction?

