यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला 02-05-2026
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बोर्ड ने परीक्षा परिणाम जारी करने की आधिकारिक तारीख की घोषणा कर दी है। आगामी 4 मई को सुबह 11 बजे प्रदेशभर के 81,411 छात्र-छात्राओं के भविष्य का पिटारा खुलेगा। बोर्ड के इस निर्णय से न केवल छात्रों बल्कि अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि इसी परिणाम पर उच्च शिक्षा और करियर की अगली डगर टिकी है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा बोर्ड ने परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 12वीं कक्षा के सभी संकाय ( Arts, Science, Commerce ) का रिजल्ट 4 मई को एक साथ घोषित करने जा रहा है। इस बार 81,411 छात्रों ने बारहवीं की परीक्षा दी है। डॉ राजेश शर्मा के मुताबिक परीक्षा परिणाम पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगा। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर डालकर तुरंत अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे।
परिणाम समय पर आने से उन विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ होगा जो देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे NEET, JEE) में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे, जबकि 10वीं कक्षा में 93,564 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। दोनों ही कक्षाओं के परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। खासकर 12वीं के विद्यार्थी उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 10वीं की परीक्षाएं 3 से 28 मार्च और 12वीं की परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं।