काकोग में अदरक की फसल में फाइलोस्टिक्टा ब्लाइट का प्रकोप, कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताए बचाव के उपाय
विकास खंड संगड़ाह के गांव काकोग में अदरक की फसल में फाइलोस्टिक्टा ब्लाइट (Phyllosticta blight) रोग का प्रकोप सामने आया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया और किसानों को रोग प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
यंगवार्ता न्यूज - संगड़ाह 18 सितंबर :
विकास खंड संगड़ाह के गांव काकोग में अदरक की फसल में फाइलोस्टिक्टा ब्लाइट (Phyllosticta blight) रोग का प्रकोप सामने आया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया और किसानों को रोग प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के सह निदेशक एवं वैज्ञानिक प्रभारी डॉ. पंकज मित्तल, उप-निदेशक कृषि डॉ. साहब सिंह, परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. नवदीप कौंडल तथा विकास खंड संगड़ाह एवं नाहन के विषय विशेषज्ञों (SMS) ने अदरक की फसल का निरीक्षण किया।
विशेषज्ञों के अनुसार रोग के प्रारंभिक लक्षणों में अदरक की पत्तियों पर छोटे, गोल अथवा अनियमित आकार के भूरे या गहरे भूरे धब्बे दिखाई देते हैं। रोग बढ़ने पर ये धब्बे आपस में मिलकर पत्तियों के बड़े हिस्से को प्रभावित कर सकते हैं। अधिक संक्रमण की स्थिति में पत्तियां सूखने लगती हैं, जिससे पौधे की वृद्धि और कंद के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। लगातार बारिश, अधिक नमी और खेत में पर्याप्त वायु संचार न होना रोग के प्रसार के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
खेत की स्वच्छता और जल निकास पर जोर
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि संक्रमित एवं अत्यधिक रोगग्रस्त पत्तियों को खेत से निकालकर नष्ट करें तथा फसल के अवशेष खेत में न छोड़ें। खेत में जलभराव से बचने के लिए उचित जल निकास की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
विशेषज्ञों ने नाइट्रोजन उर्वरक के अत्यधिक प्रयोग से बचने और मिट्टी परीक्षण के आधार पर संतुलित पोषण देने की सलाह दी। पर्याप्त मात्रा में पोटाश का प्रयोग पौधों को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकता है।
प्रारंभिक अवस्था में रोग नियंत्रण की सलाह
रोग की शुरुआती अवस्था में कृषि विशेषज्ञों की सलाह तथा उत्पाद के लेबल पर दी गई अनुशंसित मात्रा के अनुसार फफूंदनाशकों के प्रयोग की सलाह दी गई। Blitox (Copper Oxychloride 50% WP) की 3 ग्राम प्रति लीटर पानी की मात्रा तथा Amistar Top (Azoxystrobin 18.2% + Difenoconazole 11.4% SC) की लेबल-अनुशंसित मात्रा के अनुसार छिड़काव करने की जानकारी दी गई। बरसात के मौसम को देखते हुए स्टिकर के उपयोग की भी सलाह दी गई।
विशेषज्ञों ने किसानों को एक ही फफूंदनाशक का लगातार इस्तेमाल न करने तथा अलग-अलग FRAC समूहों के फफूंदनाशकों का उचित रोटेशन करने को कहा। साथ ही उत्पाद के लेबल पर दी गई मात्रा और प्रतीक्षा अवधि का पालन करने पर जोर दिया।
छिड़काव में सावधानी बरतने की अपील
किसानों को रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देते ही छिड़काव शुरू करने, साफ पानी का प्रयोग करने तथा पत्तियों की ऊपरी और निचली दोनों सतहों पर दवा की पर्याप्त कवरेज सुनिश्चित करने की सलाह दी गई। तेज हवा, अत्यधिक गर्मी अथवा बारिश की संभावना के दौरान छिड़काव नहीं करने को कहा गया।
कृषि विशेषज्ञों ने बिना विशेषज्ञ या लेबल की सलाह के विभिन्न फफूंदनाशकों को टैंक में मिलाकर प्रयोग न करने तथा छिड़काव के दौरान दस्ताने, मास्क, जूते सहित आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने की भी अपील की।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने किसानों से फसल की नियमित निगरानी करने तथा रोग के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों से संपर्क करने का आग्रह किया।
What's Your Reaction?


