मनाली-लेह मार्ग पर 1,500 वाहनों में फंसे लगभग 10 हजार सैलानी,रोहतांग टनल होकर निकाले सुरक्षित
हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही सोमवार को दूसरे दिन भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। शिमला में भी दोपहर बाद तेज बारिश और ओले गिरे। पूरी राजधानी सफेद हो गई
यंगवार्ता न्यूज़ - धमर्शाला 17-03-2026
हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही सोमवार को दूसरे दिन भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। शिमला में भी दोपहर बाद तेज बारिश और ओले गिरे। पूरी राजधानी सफेद हो गई।
सोमवार को चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिले के कई क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। दोपहर 3 बजे शिमला सहित कई भागों में मौसम बदलने से अंधेरा छा गया और कई क्षेत्रों में रात जैसा नजारा देखने को मिला।
मनाली-लेह मार्ग पर 1,500 वाहनों में फंसे लगभग 10 हजार सैलानी समेत स्थानीय लोग रोहतांग टनल होकर सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। रविवार को रातभर ठंड के बीच लोगों को गाड़ियों में ही रहना पड़ा।
कुल्लू जिले में सोमवार को दूसरे दिन भी दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। रोहतांग, कुंजम, जलोड़ी, बारालाचा और शिंकुला दर्रा सहित अटल टनल रोहतांग, सोलंगनाला के साथ पूरी लाहौल घाटी में बर्फबारी हुई। सोलंग बैरियर से लाहाैल के लिए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मनाली में भी हल्की बर्फबारी हुई।
शिमला जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। किन्नौर के सांगला, छितकुल व कल्पा में 15 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। रामपुर के निचले क्षेत्रों में ओलावृष्टि व नारकंडा में बर्फबारी हुई। मंडी के शिकारी देवी में हिमपात हुआ। हमीरपुर में बारिश हुई। डलहौजी में डायन कुंड में 30 सेमी बर्फबारी हुई है। डलहौजी शहर में बर्फ गिरी है। भरमौर में 5 और पांगी के किलाड़ में 20 सेमी बर्फबारी हुई।
What's Your Reaction?



