यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 20-07-2026
हिमाचल प्रदेश पुलिस के चार जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्यों के लिए डीजीपी डिस्क अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने इन पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक है। डीजीपी डिस्क अवॉर्ड हिमाचल प्रदेश पुलिस का प्रतिष्ठित सम्मान है, जो उन अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य कर विभाग का नाम रोशन किया हो।
सम्मानित जवानों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जांच और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के चार अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया गया। इनमे एसआई दौलत राम को एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई , एचएचसी पंकज को 2023 की प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्य और एचएचसी जसवंत व कांस्टेबल चेत राम को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यातायात प्रबंधन के लिए यह सम्मान मिला।
सम्मान समारोह के दौरान डीजीपी ने सभी सम्मानित जवानों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मी प्रदेश पुलिस की असली ताकत हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी सम्मानित जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरे पुलिस विभाग का मनोबल बढ़ा है और अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।